Maruti Suzuki का चौथी तिमाही का मुनाफा 4% गिरा, रिकॉर्ड लाभांश की घोषणा

Summary :

मारुति का मुनाफा घटा, शेयरधारकों को मिलेगा रिकॉर्ड लाभांश

मारुति सुजुकी इंडिया का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 4% घटकर 3,711 करोड़ रुपए पर पहुंचा। हालांकि, कंपनी ने 135 रुपए प्रति शेयर का रिकॉर्ड लाभांश घोषित किया, जो आगामी एजीएम में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

मारुति सुजुकी इंडिया ने शुक्रवार को बताया कि वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 4.29 प्रतिशत घटकर 3,711.1 करोड़ रुपए रह गया। जबकि, पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 3,877.8 करोड़ रुपए था। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, मार्च 2025 की तिमाही में कंपनी का कुल खर्च सालाना आधार पर 8.55 प्रतिशत बढ़कर 37,585.5 करोड़ रुपए हो गया। हालांकि, कंपनी का परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 5.86 प्रतिशत बढ़कर 38,848.8 करोड़ रुपए हो गया, जो एक साल पहले 36,697.5 करोड़ रुपए था। ऑटोमेकर ने कुल आय में भी मामूली वृद्धि दर्ज की, जो तिमाही के दौरान 40,674 करोड़ रुपए रही, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 38,235 करोड़ रुपए थी। कंपनी की ईबीआईटीडीए से पहले की कमाई 4,264.5 करोड़ रुपए रही। कंपनी ने अपनी फाइलिंग में कहा कि ईबीआईटीडीए मार्जिन 10.5 प्रतिशत रहा।

MG HECTOR SUV का नया मॉडल लॉन्च, 13.99 लाख रुपये से शुरू

मुनाफे में गिरावट के बावजूद, कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 135 रुपए प्रति शेयर के रिकॉर्ड अंतिम लाभांश की सिफारिश की है, जो कंपनी से घोषित अब तक का सबसे अधिक लाभांश है। यह आगामी वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों के अप्रूवल के अधीन है। लाभांश के लिए रिकॉर्ड तिथि 1 अगस्त है और भुगतान 3 सितंबर को किया जाएगा। कंपनी ने अपनी फाइलिंग में कहा, “31 मार्च को समाप्त वर्ष के लिए इक्विटी शेयरों पर लाभांश, अगर आगामी वार्षिक आम बैठक में घोषित किया जाता है तो सदस्यों को शुक्रवार, 1 अगस्त (रिकॉर्ड तिथि) को कारोबारी घंटों के अंत में भुगतान किया जाएगा। लाभांश के भुगतान की तिथि 3 सितंबर है।”

यह 19वीं बार है, जब मारुति सुजुकी इंडिया ने लाभांश घोषित किया है। पिछले वर्षों में, कंपनी ने अगस्त 2024 में 125 रुपए प्रति शेयर, अगस्त 2023 में 90 रुपए प्रति शेयर और अगस्त 2022 में 60 रुपए प्रति शेयर के लाभांश की घोषणा की थी। शुक्रवार के कारोबारी दिन कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर 244 रुपए या 2.05 प्रतिशत की गिरावट के बाद 11,650 रुपए प्रति शेयर पर बंद हुए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.