तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं- दिलीप घोष और मिथुन चक्रवर्ती ने 500 से अधिक लोगों की जनसभाएं आयोजित कर कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है।इसने कहा कि इस मामले में निर्वाचन आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई गई है।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सौगत रॉय ने यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष घोष और अभिनेता से नेता बने चक्रवर्ती ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कोई सम्मान न करते हुए क्रमश: दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में जनसभाएं कीं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने दोनों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाने की मांग की है। चुनाव के आखिरी चरण में उनके जनसभाएं करने पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।’’
रॉय ने साथ ही कहा कि आयोग ने इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है। तृणमूल ने शुक्रवार और आज सुबह शिकायतें दर्ज कराईं। इसके बावजूद दोनों भाजपा नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।’’
उन्होंने कहा कि तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने लोगों के हितों के मद्देनजर जनसभाएं बंद कर दी हैं।तृणमूल सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव का लंबा कार्यक्रम राज्य में संक्रमण फैलने की वजह है।रॉय ने केंद्र पर पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों में टीकों, चिकित्सीय ऑक्सीजन और आवश्यक दवा रेमडेसिविर की कमी को दूर करने के लिए ‘‘पर्याप्त कदम नहीं उठाने’’ का आरोप लगाया।


Download Android App
Download iOS App



