MP: अमृत भारत योजना से हाईटेक हुआ शाजापुर रेलवे स्टेशन

Summary :

शाजापुर रेलवे स्टेशन का हुआ कायाकल्प, यात्रियों को मिली राहत

शाजापुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत हाईटेक बनाया गया है। अब यहां वेटिंग रूम, सीसीटीवी कैमरे और सुलभ शौचालय जैसी सुविधाएं हैं। स्टेशन का विस्तार किया गया है और यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई व्यवस्थाएं की गई हैं।

मध्य प्रदेश में अमृत भारत योजना के तहत शाजापुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक नई सुविधा का शुभारंभ हुआ है, जो शहरवासियों और आम जनता के लिए एक बड़ी राहत की बात है। वेटिंग रूम, सीसीटीवी कैमरे, सुलभ शौचालय जैसी कई अन्य सुविधाओं के साथ शाजापुर रेलवे स्टेशन अब एक आधुनिक और सुविधाजनक स्टेशन बन गया है।

यात्री किशोर सिंह राजपूत ने बताया कि शाजापुर में अमृत भारत योजना के अंतर्गत जो रेलवे स्टेशन बना है, वह बहुत अच्छा है। पहले यह सिंगल लाइन का छोटा सा स्टेशन था। इस योजना के तहत इसे हाईटेक बनाया गया है। पहले यहां फुटओवर ब्रिज तक नहीं था। एक प्लेटफॉर्म से बढ़ाकर दो किया गया। लोगों के बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही एलईडी भी लगाई गई है।

एक अन्य यात्री ने बताया कि यह स्टेशन काफी पुराना था, जिसे अमृत भारत योजना के तहत अच्छा बनाया गया है। अब सारी सुविधाएं शाजापुर स्टेशन पर देखने को मिल रही हैं।

स्थानीय निवासी दिलीप ने बताया कि शाजापुर में करोड़ों रुपए की लागत से इस नए रेलवे स्टेशन का निर्माण किया गया है, जो देखने में काफी हाईटेक है और कई सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे, सुलभ शौचालय और यात्रियों के लिए विश्राम कक्ष जैसी कई सुविधाएं दी गई हैं। अमृत भारत योजना से शाजापुर स्टेशन का कायाकल्प हो गया है।

स्टेशन के अधिकारियों का कहना है कि इन नई सुविधाओं को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। उनका उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन पर ही सभी मूलभूत सुविधाएं देना है, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

आम जनता और यात्रियों का कहना है कि इन नई सुविधाओं से शाजापुर रेलवे स्टेशन की छवि में सुधार हुआ है और यह अब एक सुविधाजनक और स्वच्छ स्टेशन बन गया है।

जबलपुर फ्लाईओवर देरी पर हाईकोर्ट का नोटिस, केंद्र से जवाब तलब

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.