नोएडा: महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़, प्रशासन ने किए सुरक्षा के विशेष इंतजाम

Summary :

सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थी

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देशभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। शिवालयों के कपाट सुबह 5 बजे खोले गए, लेकिन इसके पहले ही सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं। लोग भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में जुटे हुए हैं। इस दिन की अहमियत को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

दिल्ली के चांदनी चौक स्थित गौरी शिव के मंदिर को सुंदर फूलों और लाइट से सजाया गया है। बीती रात से ही वहां पर दूर-दूर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया है। इसके साथ ही गाजियाबाद के दूधेश्वर नाथ मंदिर में भी आसपास के कई जिलों से लोग महाशिवरात्रि के दिन भगवान भोलेनाथ पर जल चढ़ाने के लिए पहुंचते हैं और यहां पर रास्ते को पूरी तरह से बंद कर दिया जाता है और ट्रैफिक को डाइवर्ट कर दिया जाता है क्योंकि सुबह 4 बजे से ही लोगों की लंबी लाइन लगना शुरू हो जाती है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने महाशिवरात्रि के मद्देनजर सेंट्रल नोएडा जोन के थाना फेस 2 क्षेत्र के शिवालयों और मंदिरों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने और ड्यूटी पर मौजूद रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने सेंट्रल नोएडा जोन के थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और वहां के अधिकारियों को सतर्क रहते हुए अपनी ड्यूटी निभाने की सलाह दी।

प्रशासन की यह तैयारी सुनिश्चित करती है कि श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने का अवसर मिले और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.