ओडिशा: KIIT में छात्रा की मौत पर 10 गिरफ्तार, 81 नेपाली छात्र वापस

Summary :

नेपाली छात्रा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित केआईआईटी विश्वविद्यालय में नेपाली छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, 81 नेपाली छात्रों के वापस लौटने की खबर है। भुवनेश्वर-कटक पुलिस कमिश्नर सुरेश देव दत्त सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, और इस हमले के बाद 81 नेपाली छात्र अपने घर वापस लौट चुके हैं।

उन्होंने कहा कि छात्रा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों को भी पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि दोषियों को कड़ी सजा दिलवाने का काम किया जा सके। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि हमले के बाद नेपाली छात्रों में काफी डर था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उनकी सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए हैं। 81 नेपाली छात्र वापस लौट चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही, पुलिस विश्वविद्यालय प्रशासन से भी यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और छात्रों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा जाए। उल्लेखनीय है कि ओडिशा सरकार ने केआईआईटी के छात्रावास परिसर में एक नेपाली छात्रा की मौत और संस्थान द्वारा की गई कार्रवाई की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय तथ्य अन्वेषण समिति का गठन किया है।

राज्य सरकार ने एक बयान में कहा था कि केआईआईटी विश्वविद्यालय से संबंधित हाल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया है और सुरक्षा गार्डों की गिरफ्तारी तथा दोषी अधिकारियों को निलंबित करने के लिए कदम उठाए हैं। संस्थान को नोटिस जारी कर दिया गया है तथा समिति के निष्कर्षों के आधार पर उचित कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.