दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के दाैरान तीन अपराधियों को दबोचा

Summary :

क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में तीन अपराधी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी के बेगमपुर इलाके में शुक्रवार देर रात मुठभेड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अतुल उर्फ मोंटी उर्फ जैकी, रोहित और प्रिंस के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के एडिशनल सीपी संजय भाटिया ने बताया कि इंस्पेक्टर नीरज शर्मा के नेतृत्व में, एसीपी नरेंद्र बेनीवाल की देखरेख में और डीसीपी सतीश के निर्देश पर एक विशेष टीम गठ‍ित की गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन अपराधी मोटरसाइकिल पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। पुलिस को यह भी पता चला कि वे किसी की हत्या करने और वाहन लूटने की साज‍िश रच रहे थे।

इसके बाद, पुलिस टीम ने रोहिणी सेक्टर-24 के पास जाल बिछाया। रात करीब 10:50 बजे, पुलिस ने मोटरसाइकिल पर आते तीनों आरोपियों को देखा और उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन वे पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे। इस दौरान, हेड कांस्टेबल नवीन ने उनका पीछा किया, तभी आरोप‍ियों ने गोली चला दी। एक गोली नवीन के बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अतुल उर्फ मोंटी उर्फ जैकी पर पहले से सात मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या और लूटपाट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। रोहित पर छह मुकदमे दर्ज हैं, जबकि तीसरा आरोपी प्रिंस भी कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्तौल, दो कट्टे और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

जांच के दौरान पता चला कि ये आरोपी हिमाचल प्रदेश के एक गैंगस्टर के संपर्क में थे और उसके लिए काम कर रहे थे। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.