हाय रे जमाना! 10 रुपए की सिगरेट के लिए एक शख्स ने दुकान पर की अंधाधुंध फायरिंग

Summary :

ग्वालियर में सिगरेट के विवाद पर चलीं 15 गोलियां, आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 10 रुपये की सिगरेट के लिए किराना दुकान पर युवक ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद हुई, जिससे पुलिस ने आरोपी आदित्य भदौरिया को गिरफ्तार किया। इस मामले में हत्या की कोशिश सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ है।

Madhya Pradesh Crime News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां केवल 10 रुपये की सिगरेट को लेकर एक युवक ने किराना दुकान पर जमकर गोलीबारी कर दी. यह मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र के शनिचर रोड स्थित देवनारायण बाजार का है, जहां 16 मई की रात को यह वारदात घटी.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आदित्य भदौरिया नामक युवक बाइक से किराना दुकानदार सुरजीत मावई की दुकान पर पहुंचा और सिगरेट मांगी. दुकानदार ने उससे पुराने उधार 250 रुपये चुकाने की बात कही, जिस पर आदित्य ने बाद में पैसे देने की बात कही. लेकिन सुरजीत ने उधार सिगरेट देने से साफ इंकार कर दिया. इससे नाराज होकर आरोपी वहां से चला गया.

रात को लौटते समय की ताबड़तोड़ फायरिंग

इस दौरान उसी रात करीब 11 बजे आदित्य भदौरिया, छोटू भदौरिया और अमन तीनों बाइक से दोबारा दुकान पर लौटे. तीनों ने गाली-गलौज करते हुए दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि करीब 15 राउंड गोलियां चलाई गईं. इस दौरान उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ भी की. दुकानदार ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई.

घटना CCTV में हुई कैद

घटना के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में आसानी हुई. पीड़ित की शिकायत पर तीनों के खिलाफ हत्या की कोशिश सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया.

Bhopal में PM Modi का दौरा, वीरांगनाओं की विरासत पर चर्चा

मुख्य आरोपी आदित्य भदौरिया गिरफ्तार

इस मामले में छोटू भदौरिया और अमन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी. अब मुख्य आरोपी आदित्य भदौरिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर गई और वारदात का सीन रिक्रिएट करवाया गया.

इस दौरान आरोपी का जुलूस भी निकाला गया. पुलिस अब इस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और पूरे मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।