खरगोन (मध्यप्रदेश) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन यहां चुनाव प्रचार करते हुए शुक्रवार को कहा कि देश से आतंकवाद और नक्सलवाद को खत्म करने की हमारी प्रतिबद्धता को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। मोदी ने खरगोन लोकसभा सीट (अजजा) से भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्र पटेल के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘… मुझे प्रसन्नता है कि देश राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा, अंत्योदय के दर्शन एवं सुशासन के मंत्र के साथ चल रही भाजपा के साथ हिम्मत और हौसला प्रदर्शित कर रही है।’’
उन्होंने कहा कि शौर्य के सम्मान में पूरा देश खड़ा हो रहा है।
लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में खरगोन सीट पर 19 मई को वोट डाला जाएगा। मोदी ने रैली में कहा, ‘‘आतंकवाद एवं नक्सलवाद को खत्म करने की हमारी प्रतिबद्धता को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। यह देश की भावना है कि आतंकियों को घर में घूस कर मारा जाये।’’
उन्होंने वहां मौजूद लोगों से सवाल किया, ‘‘बताइये, यह घर में घुसकर मारने का रास्ता सही है या गलत है ? आप खुश हैं, आपको गर्व होता है। यही आपके दिल की बात का जवाब दिया है हमारे वीर सपूतों ने।’’ मोदी ने कहा, ‘‘…कांग्रेस सैनिकों से विशेषाधिकार छीनने के लिए जनता के बीच गयी है। जो लोग जम्मू-कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री की पैरवी कर रहे हैं, उन्हें इस चुनाव में बड़ी से बड़ी सजा देनी चाहिये।’’


Download Android App
Download iOS App



