राजस्थान में टोंक जिले के पीपलू में भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (एसीबी) ने बजरी माफिया और पुलिस की मिलीभगत का पर्दाफाश करते हुए एक सिपाही को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया जबकि मुख्य आरोपी थानेदार फरार हो गया। एसीबी के जयपुर मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह ने आज बताया कि पीपलू में बजरी माफियाओं द्वारा पुलिस की मदद से अवैध बजरी खनन की शिकायतें मिलीं थीं।
इस पर ब्यूरो के दल ने जाल बिछाते हुए पीपलू में कल रात कैलाश जाट को छह हजार रुपये लेकर बजरी से भरे ट्रक निकलवाते गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि कैलाश ने पूछताछ में बताया कि थानेदार बिजेंद्र सिंह बजरी माफियाओं से प्रति ट्रक तीन हजार रुपये की रिश्वत लेता है। उसने दो दिन के 70 हजार रुपये लाने के लिये उसे थाने बुलाया था। श्री सिंह ने बताया कि इस पर पीपलू थाने में दबिश दी गई, लेकिन थानेदार विजेंद, सिंह को इसकी भनक लग गई और वह थाने से फरार हो गया। ब्यूरो की कार्रवाई जारी है।


Download Android App
Download iOS App



