लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार होने का दावा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि विपक्षी पार्टी ने ‘‘नामदार’’ को बचाने के लिए ‘‘दो बल्लेबाज’’ खड़े किए हैं। मोदी ने कांग्रेस नेताओं मणिशंकर अय्यर और सैम पित्रोदा पर परोक्ष हमला करते हुए कहा कि पार्टी ने चुनाव में खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेने का काम इन दोनों को सौंपा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “एक का कहना है कि 1984 के सिख विरोधी दंगों पर कहता है ‘हुआ तो हुआ’ जबकि दूसरा, गुजरात चुनाव के दौरान मुझे अपशब्द कहने के बाद से पर्दे के पीछे थे। वह अब फिर से मुझ पर हमला कर रहे हैं।’’ पित्रोदा को अपने बयान के कारण कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की नाराजगी का सामना करना पड़ा है।
अय्यर ने एक लेख में ‘नीच’ संबंधी अपने विवादित बयान को सही ठहराते हुए कहा था कि उन्होंने ऐसा कह कर सही भविष्यवाणी की थी। प्रधानमंत्री मोदी अक्सर राहुल गांधी पर निशाना साधने के लिए उन्हें ‘नामदार’ कहते हैं। मोदी ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला करते हुए कहा, “एक परिवार का शासन 55 वर्षों में जो नहीं कर पाया, भाजपा नीत सरकार ने 55 महीनों में वह कर दिखाया।”
अगर कांग्रेस और RJD को गरीबों और देश की परवाह होती, तो भ्रष्टाचार करने से पहले इनके हाथ कांपते : मोदी
पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बगैर उनपर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि 19 मई को सातवें और अंतिम चरण में मतदान होना है, लेकिन मतदान से पूर्व ही कांग्रेस पार्टी में बड़ी बैठकें हो रही हैं ताकि हार की जिम्मेदारी तय हो और इस हार के लिए नामदार को बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में ‘शहीद’ बनने के लिए होड़ मची है। रैली में पहुंचे अपार जनसैलाब से उत्साहित मोदी कहा कि इस सभा में उपस्थित लोगों की संख्या ही यह बताने के लिए काफी है कि 23 मई को क्या होने वाला है। उन्होंने कहा कि देश ने फैसला कर लिया है कि 23 मई को एक बार फिर मोदी सरकार सत्ता में वापस आएगी। मोदी ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद से संथाल परगना के लोगों से किए गए विकास के वादे को पूरा किया जायेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से उन्होंने एक ईमानदार और मजबूत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का नेतृत्व किया है। उन्होंने कहा, “देश में विकास हुआ है और सरकार पर एक भी दाग नहीं लगा है। मुझे बाबाधाम में यह कहते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि लोगों ने मुझे एक ईमानदार सरकार का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी है।”
बता दें कि भाजपा के दो बार के सांसद निशिकांत दुबे गोड्डा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे है। देवघर इसी सीट के तहत आता है। उनके सामने झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के उम्मीदवार प्रदीप यादव हैं। गोड्डा, दुमका(एसटी) और राजमहल (एसटी) में 19 मई को लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App




