PM Modi Speech in Lucknow: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। यह प्रेरणा स्थल वसंत कुंज क्षेत्र में बनाया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने जनसभा को भी संबोधित किया। यह राष्ट्रीय स्मारक केंद्र सरकार द्वारा आज़ाद भारत के महान नेताओं की विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से बनाया गया है।
PM Modi Speech in Lucknow: प्रेरणा स्थल पर भव्य प्रतिमाओं का अनावरण
इस दौरान पीएम मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाओं का अनावरण किया। इसके साथ ही उन्होंने आधिकारिक रूप से प्रेरणा स्थल का लोकार्पण भी किया।

PM Modi Lucknow Visit: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान की चर्चा
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश को एक मजबूत दिशा दी। उन्होंने “दो विधान, दो निशान और दो प्रधान” जैसी व्यवस्था का विरोध किया, जो आज़ादी के बाद भी जम्मू-कश्मीर में लागू थी और देश की एकता के लिए खतरा थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी सरकार को अनुच्छेद 370 हटाने का अवसर मिला, जिससे अब जम्मू-कश्मीर में भारत का संविधान पूरी तरह लागू है।
PM Modi on Rashtra Prerna Sthal: औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भर भारत
प्रधानमंत्री ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्रियों में से थे। उन्होंने देश की पहली औद्योगिक नीति बनाई और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी। आज उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए देश औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

एकात्म मानववाद और अंतिम व्यक्ति का विकास
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे की मुस्कान से मापी जानी चाहिए। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास में शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा का संतुलन जरूरी है।
रक्षा और तकनीकी शक्ति में बढ़ोतरी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज “मेड इन इंडिया” उत्पाद दुनिया भर में पहचान बना रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बन रहे डिफेंस कॉरिडोर की चर्चा की और बताया कि इससे देश की रक्षा क्षमताएं मजबूत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल, जिसकी ताकत दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखी, उसका निर्माण लखनऊ में हो रहा है।

जनकल्याण योजनाओं का विस्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि आज देश के करोड़ों नागरिकों को पक्का घर, शौचालय, नल से जल, बिजली और गैस कनेक्शन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जब स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं, तभी सच्चा न्याय होता है।

अटल जी का सुशासन और आज का भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में भी याद किया जाता है। उन्होंने बताया कि पहले केवल नारे दिए जाते थे, लेकिन अटल जी ने सुशासन को व्यवहार में उतारा। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते दस वर्षों में करोड़ों लोग गरीबी से बाहर आए हैं। 2014 से पहले जहां केवल 25 करोड़ लोग सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े थे, वहीं आज लगभग 95 करोड़ लोग इन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। यह सब समाज के अंतिम व्यक्ति को प्राथमिकता देने का परिणाम है।


Download Android App
Download iOS App




