Prayagraj Crime News: प्रयागराज से एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। करछना थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर उससे लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए। यह वारदात उस समय हुई जब व्यापारी दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। मझुआ गांव निवासी चंदन सोनी, पुत्र राधेश्याम सोनी, भीरपुर बाजार में सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वह घोड़ेडीह नहर पुलिया के पास पहुंचे, जो उनके घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर है, वहां पहले से मौजूद तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
Prayagraj Crime News: विरोध करने पर मारी गोली
बदमाशों ने चंदन सोनी के हाथ से आभूषणों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। एक गोली उनके पेट के बगल से निकल गई, जबकि दूसरी गोली जांघ में लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाश बैग लेकर मौके से फरार हो गए।

Video Call Scandal Dowry Demand Case: चार लाख से अधिक के आभूषण लूटे
पीड़ित के पिता राधेश्याम सोनी के अनुसार, बदमाश करीब डेढ़ किलो चांदी और लगभग आठ ग्राम सोना लूटकर ले गए हैं, जिसकी कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि बदमाश कई दिनों से उनके बेटे की रेकी कर रहे थे, क्योंकि वह रोज एक ही समय पर दुकान बंद कर घर लौटते थे।
UP Crime News: स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। घायल अवस्था में चंदन सोनी को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत उनके परिजनों और करछना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पहले उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, इसके बाद स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा और डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं। इसके साथ ही एसओजी यमुनानगर और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है।

हालत खतरे से बाहर, जल्द खुलासे का दावा
डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि घायल व्यापारी की हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस लूटकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर रही है। पुलिस से लोगों को जल्द और सख्त कार्रवाई की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: ‘साली से शादी कराओ, नहीं तो मैं…’, बिजली के टावर पर जीजा का हाई वोल्टेज ड्रामा, Video Viral


Download Android App
Download iOS App




