Prayagraj: गर्मी में राहत के लिए अस्पताल में ओआरएस घोल के स्टॉल

Summary :

प्रचंड गर्मी में प्रयागराज अस्पताल की अनोखी पहल

देश के ज्यादातर इलाकों में पारा बढ़ता हुआ दिख रहा है। अप्रैल में ही मई-जून जैसी गर्मी की तपिश महसूस की जा रही है। प्रचंड गर्मी को देखते हुए प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय में बेहतरीन पहल की गई है। इसके तहत परिसर में जगह-जगह ओआरएस के घोल के स्टॉल लगाए गए हैं।

प्रयागराज के जिला अस्पताल ने लू और हीट स्ट्रोक से पीड़ित मरीजों के तत्काल और बेहतर इलाज के लिए करीब 25 बेड का वातानुकूलित विशेष वार्ड स्थापित किया गया है। साथ ही अस्पताल परिसर में जगह-जगह पर ओआरएस घोल से स्टॉल भी लगाए गए हैं। अस्पताल में आने वाले लोगों ने इस व्यवस्था पर अस्पताल प्रशासन की तारीफ की।

मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ.एस.के.चौधरी बताया, “हीट वेव का समय है। ज्यादा गर्मी और लू को देखते हुए शासन से जो भी निर्देश प्राप्त हुए थे उसी क्रम में हमारे यहां पर 25 बेड हीट वेव के लिए आरक्षित किए गए हैं। जिसमें एसी, कूलर, पंखे सभी लगे हुए हैं।”

उन्होंने बताया, “इसके साथ ही जगह-जगह पर ओआरएस काउंटर बनाए गए है। अगर किसी मरीज को कमजोरी लगती है तो तुरंत वह ओआरएस पैकेट लेकर और पानी में मिला के पी सकता है। अगर इमरजेंसी में हीट स्ट्रोक का मरीज आता है तो तुरंत इलाज मिले, कोई परेशानी नहीं उठानी पड़े उसके लिए एक टीम भी बनाई गई है।”

एक व्यक्ति ने कहा, “यह बहुत अच्छी व्यवस्था है। अभी गर्मी का मौसम बहुत तेज है, ऐसे में अगर लोग आते हैं और उन्हें थोड़ी एनर्जी मिल जाती है, तो ठीक है। इससे लोगों को बहुत फायदा है।”

एक अन्य महिला ने बताया, “अस्पताल में बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है। गर्मी से आने के बाद यहां पर आदमी ओआरएस का घोल पी सकता है, जिससे शरीर में एनर्जी आएगी। यह लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.