कोलकाता : पश्चिम बंगाल में लोकसभा की उन नौ सीटों के लिए बृहस्पतिवार को रात 10 बजे प्रचार समाप्त हो गया जहां अंतिम चरण में चुनाव होने हैं। देश में यह पहली बार हो रहा है जब तय समय से 20 घंटे पहले चुनाव प्रचार खत्म कर दिया गया हो और ऐसा चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक हुआ है।
चुनाव आयोग ने बताया कि दक्षिण बंगाल की नौ संसदीय सीटों पर रविवार को चुनाव होंगे जहां 111 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 1,49,63,064 मतदाता के हाथों में होगा।
रविवार को जिन सीटों पर चुनाव होने हैं उनमें कोलकाता उत्तर एवं कोलकाता दक्षिण, दम दम, बारासात, बशीरहाट, जादवपुर, डायमंड हार्बर, जयनगर (आरक्षित) और मथुरापुर (आरक्षित) सीट शामिल हैं।
केजरीवाल ने चुनाव आयोग पर ‘पक्षपात’ करने का लगाया आरोप
भारतीय चुनाव के इतिहास में इस तरह की पहली कार्रवाई में चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की नौ सीट पर प्रचार को शुक्रवार शाम छह बजे समाप्त करने की बजाए बृहस्पतिवार को रात 10 बजे खत्म करने का बुधवार को आदेश दिया। अमित शाह के रोडशो के दौरान शहर में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसा के मद्देनजर यह आदेश दिया गया।
चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए नौ सीटों के लगभग सभी मतदान केंद्रों पर आयोग ने केंद्रीय बलों की कुल 710 कंपनियों की तैनाती की है।
इस बीच कांग्रेस समेत तीन विपक्षी पार्टियों ने इस आदेश को लेकर चुनाव आयोग से मुलाकात की और इसे समान अवसरों के सिद्धांत का “उल्लंघन” बताया और चुनाव निकाय से प्रचार के लिए कम से कम आधा और दिन देने की अपील की है।


Download Android App
Download iOS App



