सत्येंद्र दास जी के निधन से राम भक्त दुखी : केशव प्रसाद मौर्य

Summary :

राम मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास के निधन पर शोक

उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि आज का दिन सत्येंद्र दास के भक्तों और उनके परिजनों के लिए दुख का दिन है। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज का दिन उन सभी लोगों के लिए दुख का विषय है, जो कि किसी न किसी तरीके से उनसे जुड़े रहे। उनके निधन की खबर सुनकर मुझे भी गहरा दुख हुआ है। मुझे कई बार उनके साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि उनके निधन से मैं भी बहुत दुखी हूं, लेकिन यह सत्य है कि संसार में जो आता है, वह जाता है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी के रूप में उनके जाने से सभी राम भक्त दुखी हैं। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वे उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और अगले जन्म में रामलला की सेवा करने का अवसर प्रदान करें।

इसके साथ ही उन्होंने महाकुंभ को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज माघी पूर्णिमा है। इस दिन को कल्पवास का भी अंत माना जाता है, और यह महाकुंभ का चौथा मुख्य स्नान है। महाशिवरात्रि पर 26 फरवरी को पांचवां स्नान होगा। इस समय यहां पर श्रद्धालुओं का विशाल सैलाब उमड़ा है और यह दृश्य हम सभी के लिए आनंद देने वाला है। गंगा, यमुना, और सरस्वती के संगम में डुबकी लगाने का आनंद वही लोग समझ सकते हैं, जो श्रद्धा भाव से यहां आते हैं। उन्होंने महाकुंभ को लेकर विपक्ष की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे ने महाकुंभ पर सवाल उठाए थे। उनका जवाब यही है कि थोड़ी असुविधा जरूर हुई है, क्योंकि लोग अधिक संख्या में आए हैं, लेकिन श्रद्धालुओं का सैलाब रुकने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्ष की ओर से जो उल्टे-सीधे बयान दिए जा रहे हैं, मैं उनकी आलोचना करता हूं और कहता हूं कि हमें इस प्रकार की बयानबाजी से बचना चाहिए। लोगों की श्रद्धा और भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और जो लोग यहां आ रहे हैं, उनका स्वागत किया जाना चाहिए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.