Shahjahanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र के भटपुरा चंदू गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय बलराम के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहता था।
गुरुवार सुबह जब बलराम के भाई उसे काम पर जाने के लिए बुलाने पहुंचे, तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। काफी देर बाद बलराम की पत्नी रोती हुई बाहर आई। भाई को कुछ गड़बड़ लगा और वह घर के अंदर गया। वहां चारपाई पर बलराम का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसकी गर्दन पर गहरे घाव थे, जिससे साफ पता चल रहा था कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।

Shahjahanpur Murder Case: पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ प्रवीण मलिक के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे गांव में इस घटना से दहशत का माहौल है। मृतक के परिजनों ने बताया कि बलराम की पत्नी का उसके सगे भांजे से पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
Murder Case: परिजनों का आरोप: पत्नी का भांजे से था संबंध
इस दौरान वह तीन बार घर छोड़कर उसके साथ भाग भी चुकी थी। करीब आठ महीने पहले दोनों पक्षों के बीच थाने में समझौता कराया गया था, लेकिन इसके बाद भी महिला का आना-जाना बंद नहीं हुआ। परिजनों का कहना है कि करीब तीन महीने पहले वह फिर से घर छोड़कर चली गई थी और अब वापस आने के बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। उनका सीधा आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बलराम की हत्या की है।

Uttar Pradesh News: परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
बलराम की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। उसकी मां और बच्चे शव देखकर फूट-फूट कर रो रहे हैं। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और किसी को भरोसा नहीं हो रहा कि घर के अंदर इस तरह की हत्या हो सकती है।

पुलिस कर रही गहन जांच
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली थी। मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और उसके कथित प्रेमी की तलाश भी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें; राज चौहान हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, मारा गया मुख्य आरोपी; 2 अन्य आरोपियों के पैरों में लगी गोली





















