केजरीवाल के आवास की जांच पर सपा विधायक का सवाल: सिर्फ विपक्ष ही क्यों?

Summary :

सिर्फ विपक्ष के खिलाफ ही क्यों हो रही है जांच: रईस शेख

केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास 6 फ्लैगस्टाफ रोड बंगले के जीर्णोद्धार की जांच का आदेश दिया है। समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख ने सवाल उठाया है कि जांच सिर्फ विपक्षी नेताओं के खिलाफ ही क्यों हो रही है।

रईस शेख ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “जांच सिर्फ विपक्ष के नेताओं का ही क्यों हो रही है? या सिर्फ केजरीवाल की ही क्यों? वह ‘शीश महल’ वाले मुद्दे की बात कर रहे हैं, उन्हें देखना चाहिए कि देश में सभी मुख्यमंत्री के बंगले आलीशान हैं। मुख्यमंत्री कोई भी हो सकता है, मुख्यमंत्री का घर किसी भी व्यक्ति विशेष का घर नहीं होता है। लेकिन मैं इन बातों को मानता हूं कि केजरीवाल खुद राजनीति में इन सभी चीजों का विरोध करके आए थे। इसलिए उन्हें इस प्रकार का घर नहीं बनना चाहिए था। केजरीवाल को इसी से नुकसान हुआ है।”

कार्यकारी नियुक्तियों में मुख्य न्यायाधीश की भागीदारी पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के सवाल उठाए जाने पर शेख ने कहा, “देश में जो व्यवस्था बनाई गई है, वह संसद में लंबी बहस के बाद बनाई गई है। उपराष्ट्रपति का पद संवैधानिक पद होता है। अगर उनके मन में कोई बात है तो वह अपनी बात सरकार के सामने रख सकते हैं। उपराष्ट्रपति जो कह रहे हैं वह पब्लिक फॉर्म वाली बात नहीं है। इतने बड़े पद पर रहने के बाद चीफ जस्टिस को लेकर इस प्रकार की बातें करना सही नहीं है।”

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ और फेमस यूट्यूबर एवं पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया वाले विवाद पर उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अब इस मामले को ज्यादा ही तूल दिया जा रहा है। रणवीर ने माफी मांग ली है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। अब पुलिस और कोर्ट को अपना काम करने दीजिए। इस मामले को और ज्यादा बढ़ावा नहीं देना चाहिए।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.