बिहार के भागलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले जिले के डीएम नवल किशोर चौधरी ने राज्य सरकार के पर्यटन विभाग को इलाके में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन प्रस्ताव भेजे हैं।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “मैंने बिहार पर्यटन विभाग को तीन पर्यटन सर्किट प्रस्तावित किए हैं, जिनमें एक बौद्ध सर्किट और एक जैन सर्किट शामिल है। इसके अतिरिक्त, हमने एक ‘शैव सर्किट’ का भी प्रस्ताव किया है।”
उन्होंने कहा कि मधेपुरा में एक शिव का मंदिर है जो काफी प्रसिद्ध है। दूसरा नवगछिया में भी शिव का प्रसिद्ध मंदिर है। भगवान बूढ़ानाथ मंदिर, बटेश्वर नाथ मंदिर काफी प्रसिद्ध हैं। अजगैबीनाथ मंदिर प्रसिद्ध है, जहां सावन के महीने में लाखों की संख्या में श्रद्धालु देवघर जाते हैं। इसकी कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रपोजल दिया है। उम्मीद है कि इस पर विचार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 24 फरवरी को पीएम मोदी के भागलपुर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिला अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। शनिवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा के लिए बैठक की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की। इसके अलावा, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत द्वारा भागलपुर हवाई अड्डा परिसर में बनाए जा रहे कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, मंच और पार्किंग स्थल का मुआयना किया।
पीएम मोदी इस कार्यक्रम में देश के किसानों को किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करेंगे और भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी के अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद होंगे। यह पहला अवसर होगा, जब देश के किसानों को मिलने वाली किसान सम्मान निधि की राशि प्रधानमंत्री बिहार की धरती से जारी करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



