अमेरिका के अधिवक्ता जैक स्मिथ ने कहा कि मेरी टीम कानून के शासन के लिए खड़ी रही

Summary :

विशेष अधिवक्ता की रिपोर्ट: ट्रंप के सत्ता में बने रहने के प्रयास नाकाम

अमेरिका के विशेष अधिवक्ता जैक स्मिथ ने अपनी एक नई रिपोर्ट में कहा है कि 2020 में हुए राष्ट्रपति चुनावों को पलटने के डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों की जांच करने वाली उनकी टीम ‘कानून के शासन के लिए खड़ी रही’। इस रिपोर्ट में सत्ता में बने रहने के ट्रंप के प्रयासों के बारे में उनकी टीम के निष्कर्ष हैं। स्मिथ ने इस रिपोर्ट में लिखा है कि वह नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ आपराधिक आरोप दर्ज करने के अपने फैसले पर दृढ़ हैं।

आगामी 20 जनवरी को ट्रंप के व्हाइट हाउस में वापसी से महज कुछ दिन पहले जारी रिपोर्ट में 2020 में सत्ता में बने रहने के लिए ट्रंप द्वारा किए गए नाकाम प्रयासों को रेखांकित किया गया है। ट्रंप की चुनावी जीत के कारण अभियोजन को बंद कर दिया गया है, इसलिए यह दस्तावेज अमेरिकी इतिहास के उस काले अध्याय में न्याय विभाग का अंतिम वृत्तांत होने की उम्मीद है, जिसने सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण को बाधित करने का खतरा पैदा कर दिया था।

न्याय विभाग ने मंगलवार को कांग्रेस को रिपोर्ट प्रेषित की। इससे पहले एक न्यायाधीश ने इसे जारी करने पर रोक लगाने से मना कर दिया था। ट्रंप के चुनावी नतीजे पलटने के प्रयासों का अधिकतर ब्येारा पहले ही विदित है, लेकिन इस रिपोर्ट में पहली बार जांच के बारे में स्मिथ का विस्तृत आकलन शामिल किया गया है। जांच को राजनीतिक बताने वाले ट्रंप और उनके सहयोगियों की आलोचनाओं के खिलाफ स्मिथ का बचाव भी इस रिपोर्ट में है।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।