इंडोनेशिया में बुधवार सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता 6.1 मापी गई। यह भूकंप उत्तरी सुलावेसी प्रांत के पास समुद्र में आया जिसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि भूकंप सुबह 6:55 बजे स्थानीय समय (2255 जीएमटी) आया। देश की मौसम विज्ञान एजेंसी ने सुनामी की आशंका से इनकार किया है और फिलहाल किसी बड़े नुकसान या किसी के हताहत होने की खबर भी नहीं आई है।
इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है, जहां धरती की कई टेक्टोनिक प्लेट्स आपस में मिलती हैं। इस क्षेत्र में लगातार भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियां होती रहती हैं। यही कारण है कि यह इलाका भूकंपीय दृष्टिकोण से अत्यधिक संवेदनशील माना जाता है।
इससे पहले भी यहां पर कई भूकंप आए जिसने बड़ी तबाही मचाई। जनवरी 2021 में सुलावेसी में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे और हजारों लोग बेघर हो गए थे।
2018 में सुलावेसी के पालू शहर में आए 7.5 तीव्रता के भूकंप और बाद में आई सुनामी ने 2200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। सबसे घातक 2004 में आचे प्रांत में आया था, जो 9.1 तीव्रता का था इसके बाद आई सुनामी ने 170,000 से अधिक लोगों की जान ले ली थी।
इंडोनेशिया का यह क्षेत्र टेक्टोनिक प्लेट्स के टकराव के कारण बार-बार भूकंप का सामना करता है। यहां जापान से लेकर दक्षिण-पूर्व एशिया और प्रशांत महासागर बेसिन तक फैली प्लेटों की गतिविधियां प्रभावित होती हैं, जिससे इस यहां धरती का डोलना सामान्य है।
इसी वजह से यहां की सरकार और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में रहती हैं और प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत सहायता भेजने का प्रयास करती हैं। इस समय, भूकंप के झटके महसूस होने के बावजूद राहत की खबर यह है कि नुकसान की कोई बड़ी सूचना नहीं आई है।


Download Android App
Download iOS App



