जंतर-मंतर प्रदर्शन से दूर रहें छात्र – डीयू

Summary :

Jantar Mantar Protest : प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर सीजेपी के नेतृत्व में देशभर में चल रहे प्रदर्शनों के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) प्रशासन ने छात्रों से संयम बरतने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है। विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय नहीं चाहता कि उसके छात्र किसी भी राजनीतिक गतिविधि या आंदोलन का हिस्सा बनकर “राजनीतिक औजार” बनें। अधिकारी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगाना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और शैक्षणिक भविष्य को प्राथमिकता…

Jantar Mantar Protest : प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर सीजेपी के नेतृत्व में देशभर में चल रहे प्रदर्शनों के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) प्रशासन ने छात्रों से संयम बरतने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है। विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय नहीं चाहता कि उसके छात्र किसी भी राजनीतिक गतिविधि या आंदोलन का हिस्सा बनकर “राजनीतिक औजार” बनें।

अधिकारी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगाना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और शैक्षणिक भविष्य को प्राथमिकता देना है। उनका कहना था कि छात्र किसी भी मुद्दे के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं, लेकिन उन्हें ऐसे आंदोलनों से दूरी बनाए रखनी चाहिए जिनका राजनीतिक स्वरूप उभर रहा हो। इस बीच दिल्ली विश्वविद्यालय ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी छात्रों के नाम संदेश जारी किया। विश्वविद्यालय ने कहा कि वह छात्रों की चिंता और मानसिक तनाव को समझता है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ स्वार्थी तत्व उनकी आशंकाओं का लाभ उठा रहे हैं।

विश्वविद्यालय ने छात्रों से अपील की कि वे अपने भविष्य और पढ़ाई पर ध्यान दें तथा तनावपूर्ण माहौल से दूर रहें।
डीयू प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि छात्रों को प्रदर्शन में भाग लेने से रोकने के लिए फिलहाल कोई औपचारिक एडवाइजरी जारी नहीं की गई है। अधिकारी ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिक चिंता केवल छात्रों की सुरक्षा और उनका शैक्षणिक हित है, और उसी दृष्टि से उन्हें सलाह दी जा रही है। गौरतलब है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर सीजेपी के नेतृत्व में देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन जारी हैं। दिल्ली में भी जंतर-मंतर सहित कई स्थानों पर बड़ी संख्या में छात्र जुटे हैं। हाल के दिनों में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने की अपील की है।

 

Sumant Chaudhary