Rahul Gandhi के बयान पर Sudhanshu Trivedi का कटाक्ष, कांग्रेस की दुर्गति का सबूत

Summary :

राहुल गांधी के बयान से कांग्रेस में असमंजस और अव्यवस्था का संकेत: भाजपा

भाजपा के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयान पर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा अपनी ही पार्टी के गुजरात नेताओं पर संदेह जताने को लेकर सवाल उठाते हुए इसे कांग्रेस की दुर्गति और राहुल गांधी की बिगड़ती मानसिक स्थिति का संकेत बताया।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “राहुल गांधी के बयान ने एक बार फिर से उनकी मानसिक स्थिति और कांग्रेस की स्थिति को उजागर किया है। राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के नेताओं के बारे में जो आरोप लगाए हैं, वह केवल कांग्रेस के आंतरिक संघर्ष को दिखाते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। भाजपा राहुल गांधी से पूछना चाहती है कि वे खुद किस-किस से मिले हैं, खासकर जब वे विदेश यात्रा पर जाते हैं। राहुल गांधी का कांग्रेस में दो तरह के लोगों की बात करना, यह दिखाता है कि वह अपनी पार्टी के भीतर असमंजस और अव्यवस्था का सामना कर रहे हैं। यह एक विचित्र स्थिति है जब राहुल जैसा पार्टी का बड़ा नेता अपने ही नेताओं पर संदेह करता है। क्या यह कांग्रेस के भीतर व्याप्त अराजकता का संकेत नहीं है?”

त्रिवेदी ने कर्नाटक सरकार द्वारा पेश बजट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस का बजट मुस्लिम लीग के प्रभाव में तैयार किया गया है। कर्नाटक में मुस्लिम समुदाय के लिए विशेष प्रावधानों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, “कर्नाटक सरकार ने बजट में केवल मुस्लिम समाज के बच्चों के लिए स्कॉलरशिप, उर्दू स्कूलों के लिए बजट और वक्फ बोर्ड के लिए पैसे आवंटित किए हैं, लेकिन क्या अन्य अल्पसंख्यक समुदायों जैसे सिखों, जैन‍ियों, पारसियों और यहूदियों के लिए कोई योजना है?”

उन्होंने आगे कहा, “यह साफ है कि कर्नाटक के बजट में मुस्लिम लीग के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए केवल मुस्लिम समाज के लिए योजनाएं बनाई गई हैं, जबकि बाकी अल्पसंख्यकों को नजरअंदाज किया गया है। क्या यह केरल में होने वाले आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए किया गया?”

राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाए और उन्होंने पूछा कि वह विदेशों में किस-किस से मिलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को अपने नेताओं के संपर्कों को लेकर जवाबदेह होना चाहिए। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के कार्यकाल में गुजरात कांग्रेस की स्थिति खराब हुई है और अब ये दोनों नेता अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर संदेह जता रहे हैं।

कांग्रेस के नेताओं, खासकर राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए त्रिवेदी ने कहा कि गांधी परिवार सरदार पटेल और महात्मा गांधी के आदर्शों से दूर होकर अब जिन्ना की विचारधारा की ओर झुकाव दिखा रहा है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने गुजरात में सरदार पटेल और महात्मा गांधी का नाम लिया, लेकिन वह भूल गए कि कांग्रेस के एक अन्य नेता मोहम्मद अली जिन्ना भी गुजरात से थे। आज कांग्रेस सरदार पटेल और गांधी के आदर्शों से दूर हो रही है और जिन्ना की विचारधारा की ओर बढ़ रही है।”

उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह वही पार्टी है जिसके पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मुस्लिमों के पक्ष में बयान दिए थे और कर्नाटक के बजट में भी एक ही समुदाय को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा, “यह कांग्रेस की मानसिकता को स्पष्ट करता है कि वे केवल एक समुदाय को तवज्जो दे रहे हैं और बाकी को नजरअंदाज कर रहे हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.