मार्च 2027 तक यूपी में 8 लाख सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का लक्ष्य

Summary :

PM सूर्य घर योजना: यूपी में 8 लाख सोलर संयंत्रों का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत मार्च 2027 तक 8 लाख सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का लक्ष्य रखा है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में 2.65 लाख संयंत्रों का इंस्टॉलेशन होगा। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से योजना की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है और यूपीनेडा इसे घर-घर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय है।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत उत्तर प्रदेश सरकार ने मार्च 2027 तक प्रदेश में कुल 8 लाख सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अंतर्गत मौजूदा वित्तीय वर्ष में 2.65 लाख संयंत्रों का इंस्टॉलेशन किया जाना है, जिसमें हर माह 22 हजार और प्रत्येक जिले में औसतन 300 इंस्टॉलेशन किए जाएंगे। सरकार ने इसके लिए जनपदवार, डिस्कॉमवार, नगर निगम और नगर पालिका स्तर पर लक्ष्य निर्धारित किए हैं। योजना की निगरानी एवं समीक्षा की व्यवस्था मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जोड़कर की जा रही है, जिससे प्रगति की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सके। उत्तर प्रदेश में पीएम सूर्य घर योजना को घर-घर तक पहुंचाने के लिए यूपीनेडा प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। इसके तहत, मार्च 2025 तक पोर्टल पर प्राप्त 10.73 लाख आवेदनों पर कॉलिंग कर वेंडर्स को सूचीबद्ध किया जा रहा है और स्थापना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। अब तक प्रदेश में 1 लाख से अधिक सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाए जा चुके हैं। मौजूदा समय में हर माह करीब 11 हजार और प्रतिदिन 500 से अधिक इंस्टॉलेशन किए जा रहे हैं।

यूपी के मदरसों पर सरकार की नजर, फंडिंग का स्रोत बताने के लिए भेजा नोटिस

योजना के तहत अप्रैल 2025 तक 2.5 हजार से अधिक वेंडर्स को इम्पैनल्ड किया जा चुका है, जबकि लगभग 1800 वेंडर्स को प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है। वेंडर्स को बैंकों के माध्यम से लोन और क्रेडिट गारंटी स्कीम का लाभ भी दिया जा रहा है, ताकि उनकी आर्थिक क्षमता मजबूत हो सके। राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय संस्थान, भारत सरकार के कौशल विकास मंत्रालय और यूपीनेडा के सहयोग से वेंडर्स को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि फरवरी 2024 में शुरू हुई इस योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्राथमिकता पर रखते हुए पूरे प्रदेश में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने का बड़ा कदम उठाया है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश देशभर में सौर ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.