‘पिक्चर अभी बाकी है’, खामेनेई के सलाहकार ने अमेरिका को दी चेतावनी

Summary :

अमेरिका को ईरान की सख्त चेतावनी: खेल जारी रहेगा

ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के सलाहकार अली शमखानी ने अमेरिकी हमलों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि खेल अभी खत्म नहीं हुआ है और ईरान के पास मजबूत न्यूक्लियर प्रोग्राम के तीन स्तंभ हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे किसी भी आक्रमण का जवाब दिया जाएगा।

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार अली शमखानी ने अमेरिकी हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ‘खेल अभी खत्म नहीं हुआ है’।

अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर अली शमखानी ने लिखा, “भले ही परमाणु स्थल नष्ट हो जाएं, लेकिन खेल खत्म नहीं हुआ है।”

शमखानी ने ईरान को एक मजबूत न्यूक्लियर प्रोग्राम के लिए जरूरी सभी तीन स्तंभों- ‘विशेषज्ञता, सामग्री और इरादा’ के रूप में वर्णित किया। इसके साथ ही चेतावनी दी कि आगे किसी भी आक्रमण का जवाब दिया जाएगा।

उन्होंने लिखा, “समृद्ध सामग्री, स्वदेशी ज्ञान, राजनीतिक इच्छाशक्ति बनी रहेगी। राजनीतिक और परिचालन पहल अब उस पक्ष के पास है जो चतुराई से खेलता है, अंधाधुंध हमलों से बचता है। आश्चर्यजनक घटनाएं जारी रहेंगी!”

शमखानी की यह टिप्पणी ईरान की न्यूक्लियर साइट्स पर अमेरिकी हमले के बाद आई है, जिसमें अमेरिका ने फोर्डो, नतांज और एस्फाहान में अटैक कर किया था। वाशिंगटन ने ईरान के न्यूक्लियर वेपन विकसित करने के कथित प्रयासों को नाकाम करने के लिए इन हमलों को उचित ठहराया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर इस संघर्ष को खत्म करने का दबाव डाला है। ट्रंप ने साफ तौर पर कहा है कि अगर ईरान शांति कायम नहीं करता, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे।

ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने चेतावनी दी कि यह कार्रवाई ‘प्रतिशोध के विनाशकारी दलदल’ की ओर ले जा सकती है।

एंटोनियो गुटेरेस ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून समेत अंतरराष्ट्रीय कानून के अन्य नियमों के तहत अपने दायित्वों के अनुसार कार्य करने की अपील की है। गुटेरेस ने सुरक्षा परिषद और संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्यों से शांति के लिए तर्क, तत्परता और संयम से काम करने का आग्रह किया है।

सैटेलाइट तस्वीरों से साफ, ईरान के परमाणु स्थलों को हुआ भारी नुकसान: ट्रंप

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.