UNSC Emergency Meeting: अमेरिका ने शनिवार को वेनेजुएला के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई की। इस ऑपरेशन में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना ने पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है। अमेरिका की इस कार्रवाई के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने सोमवार को आपात बैठक बुलाने का फैसला किया है। यह बैठक सुबह 10 बजे (भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे) होगी। बैठक की अध्यक्षता इस समय UNSC के रोटेटिंग प्रेसिडेंट देश सोमालिया द्वारा की जाएगी। बैठक का मुख्य मुद्दा अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा पर पड़ने वाला खतरा है।
UNSC Emergency Meeting: UNSC बैठक का एजेंडा क्या होगा
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कुल 15 सदस्य देश होते हैं, जिनमें 5 स्थायी और 10 अस्थायी सदस्य शामिल हैं। इस आपात बैठक में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के प्रभाव, वेनेजुएला की स्थिति और आगे उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा होगी। इस बैठक की मांग सबसे पहले कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने की थी। उन्होंने कहा कि अमेरिका का हमला वेनेजुएला की संप्रभुता और पूरे लैटिन अमेरिका की सुरक्षा के लिए खतरा है। पेट्रो का मानना है कि किसी भी देश के आंतरिक विवाद का समाधान वहां की जनता को शांतिपूर्ण तरीके से करना चाहिए, न कि बाहरी हस्तक्षेप से।
US attack on Venezuela: ट्रंप का बयान और मादुरो की गिरफ्तारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की कि अमेरिका ने वेनेजुएला में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चलाया है। इस दौरान राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाया गया। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर मादुरो की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह अमेरिकी युद्धपोत USS इयो जिमा पर नजर आ रहे हैं। इसके बाद व्हाइट हाउस की ओर से एक वीडियो भी जारी किया गया, जिसमें मादुरो को हथकड़ी लगाए हुए देखा गया।

वीडियो में क्या दिखा?
जारी वीडियो में मादुरो अमेरिकी अधिकारियों के साथ दिखाई देते हैं। वह शांत नजर आए और अधिकारियों से “हैप्पी न्यू ईयर” और “गुड नाइट” कहते हुए दिखाई दिए। बताया गया कि उन्हें आगे की न्यायिक प्रक्रिया के लिए ले जाया गया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस और तेज हो गई है।
United Nations Security Council Meeting: संयुक्त राष्ट्र महासचिव की प्रतिक्रिया
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस घटना पर गंभीर चिंता जताई है। उनके प्रवक्ता स्टेफेन डुजारिक ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई एक खतरनाक उदाहरण बन सकती है और इससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता फैलने का खतरा है। गुटेरेस ने सभी देशों से अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का पालन करने की अपील की है।
Venezuela Political Crisis: वेनेजुएला में राजनीतिक बदलाव
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला में तेजी से राजनीतिक घटनाक्रम बदले। देश की सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को कार्यवाहक राष्ट्रपति की जिम्मेदारी सौंप दी है। कोर्ट ने कहा कि मौजूदा हालात में मादुरो अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में असमर्थ हैं, इसलिए यह फैसला लिया गया है।
यह भी पढ़ें: BREAKING: तीसरे विश्व युद्ध का आगाज! अब ब्रिटेन और फ्रांस ने सीरिया पर कर दी डबल एयरस्ट्राइक


Download Android App
Download iOS App




