उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के एक पेट्रोल पंप पर लूटपाट करने वाले दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है जबकि बदमाशों द्वारा गोली चलाए जाने से एक सिपाही भी जख्मी हुआ है। सभी को घायल अवस्था में जयसिंहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है जहां उनका उपचार हो रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी लम्भुआ अब्दुस सलाम ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात लम्भुआ कोतवाली पुलिस ने जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को रोकने का प्रयास किया। मोटरसाइकिल सवार पुलिस पर गोली चलाते हुए आगे निकल गए। इसकी सूचना पुलिस ने जयसिंहपुर व मोतिगरपुर पुलिस को दी।
- UP में दो आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गए
- दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है
- इस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है
- बदमाशों द्वारा गोली चलाए जाने से एक सिपाही भी जख्मी हुआ है
मोटरसाइकिल से गिरे बदमाश
उन्होंने बताया कि दोनों थानों के पुलिस बल ने मियागंज पुलिया के पास इनकी घेराबंदी की और जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो वे नहर के रास्ते भागने का प्रयास करने लगे और आगे जाकर मोटरसाइकिल से गिर गए। इसके बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस दल पर गोली चलायी जिसमें सिपाही अवनीश कुमार को गोली लगी और वह घायल हो गया।
बदमाशों के पैर में लगी गोली
सलाम ने बताया कि इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें पकड़ लिया गया। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान धीरज उपाध्याय और शेर अली उर्फ शेरू के रूप में की गयी है। वे करौंदीकला थाना क्षेत्र के निवासी हैं। सलाम ने बताया कि दोनों बदमाशों ने बीती 28 फरवरी को जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप से 2.14 लाख रुपये लूटे थे।


Download Android App
Download iOS App





