उत्तर प्रदेश: जौनपुर में बस पलटने से चार लोगों की मौत, 15 घायल

Summary :

डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, राहत कार्य जारी

जौनपुर के बक्सा थाना क्षेत्र में एक निजी बस के डिवाइडर से टकराकर पलटने से चार लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल भेजा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित बक्सा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक निजी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि जनपद जौनपुर थाना बक्सा के अंतर्गत पुलिस को एक सूचना मिली कि एक प्राइवेट बस, जो कि बदलापुर से जौनपुर की तरफ जा रही थी, वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत बचाव के कार्य में जुट गई। इस दौरान घायलों को अस्पताल भेजा गया है। उनका इलाज चल रहा है। इस हादसे में चार की मौत और 15 लोग घायल हो गए हैं। बस को किनारे करवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, पुलिस ने हादसे वाली बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

‘योगी जी हमें न्याय दिला दो…’, पीलीभीत के पत्रकार दंपत्ति ने खाया जहर, वीडियो हुआ वायरल

स्थानीय लोगों के अनुसार, बस बदलापुर से जौनपुर जा रही थी। बस करीब 80 की स्पीड में चल रही थी। तभी अचानक बस बेकाबू होकर दो बार पलटी खाते हुए बीच सड़क पर पलट गई। सवारियां खिड़कियां तोड़कर सड़क पर छिटक गईं। कुछ लोग बस के अंदर फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे। बस के नीचे दबे और अंदर फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और उसने घायलों को अस्पताल भेजवाया।

उधर, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद जौनपुर में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री योगी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.