Uttar Pradesh News: शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकास खंड बेहटा के प्राथमिक विद्यालय करमूडीह में ‘वार्षिक उत्सव’ एवं ‘पुरस्कार वितरण समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा और उत्साह देखते ही बन रहा था।समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विभा सचान और विशिष्ट अतिथि प्राथमिक शिक्षक संघ (बेहटा) के अध्यक्ष सिद्धार्थ कुमार पटेल द्वारा मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक राहुल देव ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शैक्षिक सत्र की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अव्वल आने वाले नन्हे खिलाड़ियों को भी पदक पहनाए गए।मुख्य अतिथि विभा सचान ने अपने संबोधन में बच्चों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। वहीं, सिद्धार्थ कुमार पटेल ने विद्यालय परिवार के प्रयासों को सराहते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन इंचार्ज प्रधानाध्यापक राहुल देव द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति निरंतर जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में हर्षोल्लास के साथ जलपान का आयोजन हुआ।
यह भी पढ़ें: TMC छोड़ BJP में शामिल हुए पूर्व टेनिस प्लेयर लिएंडर पेस, पश्चिम बंगाल चुनाव में करेंगे भाजपा का प्रचार























