उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट, बारिश-बर्फबारी की चेतावनी

Summary :

देहरादून समेत कई जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने एक से छह मई तक भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। देहरादून, पौड़ी, नैनीताल जैसे जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। यात्रियों को विशेष रूप से चारधाम यात्रा पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने एक से छह मई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत जैसे जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों में रेन-थंडरस्टॉर्म गतिविधि बनी रहेगी। एक से दो मई तक पहाड़ी और कुछ मैदानी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तीन से पांच मई तक प्रदेश में तेज गर्जना, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना भी है। विशेष रूप से पर्वतीय इलाकों में 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा की तैयारियां पूरी, पाकिस्तानी हिंदुओं की यात्रा पर रोक

मौसम विभाग ने विशेष रूप से चारधाम यात्रा पर जाने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, जिससे ठंड दोबारा लौट सकती है। उन्होंने यात्रियों को गर्म कपड़े साथ रखने और मौसम संबंधी जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलने की सलाह दी है।

मई की शुरुआत में मौसम में आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, इस पूरे बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) का सक्रिय होना है। इसके कारण प्रदेश में पांच मई तक लगातार मौसम की गतिविधियां बनी रहेंगी। विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.