प्रदर्शन की आड़ में हिंसा करने वाले और उनका हैंडलर कौन ? छात्रों की भीड़ में घुसे उपद्रवियों की तलाश में दिल्ली पुलिस

Summary :

Crime News Delhi : कॉकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) के ‘संसद मोर्च’ के आह्वान पर जंतर-मंतर से निकाले गए प्रदर्शन में सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि उनकी आड़ में बड़ी संख्या में उपद्रवी भी शामिल हो गए थे। शुरुआती जांच में दिल्ली पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग इसी ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि छात्रों की भीड़ में घुसकर हिंसा करने वाले लोग कौन थे, उन्हें किसने संगठित किया और उनका हैंडलर कौन था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को हुई हिंसा के संबंध में संसद मार्ग,…

Crime News Delhi : कॉकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) के ‘संसद मोर्च’ के आह्वान पर जंतर-मंतर से निकाले गए प्रदर्शन में सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि उनकी आड़ में बड़ी संख्या में उपद्रवी भी शामिल हो गए थे। शुरुआती जांच में दिल्ली पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग इसी ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि छात्रों की भीड़ में घुसकर हिंसा करने वाले लोग कौन थे, उन्हें किसने संगठित किया और उनका हैंडलर कौन था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को हुई हिंसा के संबंध में संसद मार्ग, कनॉट प्लेस और बाराखंभा रोड थानों में शिकायतें दर्ज की गई हैं। जांच में सामने आया है कि प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने जंतर-मंतर, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, कनॉट प्लेस आउटर सर्किल और संसद के आसपास समेत कई स्थानों पर पथराव और हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया। इस दौरान करीब 200 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें 120 से अधिक पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार को ही स्पष्ट कर दिया गया था कि सीजेपी को संसद मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद सोमवार को संसद की ओर मार्च निकाला गया, जिसके बाद हालात हिंसक हो गए।

सीसीटीवी में कैद है पूरा घटनाक्रम, जल्द होगी पहचान

डीसीपी (नई दिल्ली) सचिन शर्मा ने कहा कि फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। जंतर-मंतर से संसद तक पूरे इलाके की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसा में शामिल किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के करीब 125 वीडियो और फोटोग्राफर लगातार रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसके अलावा घटनास्थलों के आसपास लगे करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चिन्हित कर ली गई है। इन सभी फुटेज का विश्लेषण कर भीड़ की आड़ में हिंसा करने वाले आरोपियों की पहचान की जाएगी और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की जाएगी।

हिंसा भड़काने में पाकिस्तानी एंगल, सोशल मीडिया पर नजर

संसद मार्च के दौरान लुटियंस दिल्ली में हुई हिंसा की जांच अब साइबर और सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तानी एंगल की भी पड़ताल कर रही हैं। सूत्रों का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान से संचालित कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए गए, ताकि लोगों को हिंसा के लिए उकसाया जा सके। इसके अलावा कई एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार फर्जी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किए गए, जिनका वास्तविक घटनाओं से कोई संबंध नहीं था।फिलहाल दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया सेल ऐसे संदिग्ध अकाउंट्स, फर्जी पोस्ट और भड़काऊ सामग्री की पहचान कर रही है। इन पोस्ट को साझा करने वाले लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई जा रही है।

डंप डाटा और संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप भी जांच के घेरे में 

जांच को तकनीकी आधार पर आगे बढ़ाते हुए दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर, संसद मार्ग, जनपथ, कनॉट प्लेस और रेल भवन के आसपास का मोबाइल डंप डाटा भी जुटा रही है। इस डाटा के विश्लेषण के जरिए हिंसा के समय मौजूद संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पहचान की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कई व्हाट्सएप ग्रुप भी अत्यधिक सक्रिय थे। पुलिस इन ग्रुपों की जानकारी जुटा रही है और उनके एडमिन, सदस्यों तथा ग्रुप में साझा किए गए संदेशों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हिंसा की साजिश पहले से रची गई थी या नहीं।

 

Sumant Chaudhary