नोएडा एयरपोर्ट से जुड़े मार्गों का चौड़ीकरण, यातायात होगा सुगम

Summary :

एयरपोर्ट मार्गों का चौड़ीकरण, यातायात होगा आसान

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और डोमेस्टिक एयरपोर्ट के आसपास के सभी लिंक मार्गों और सड़कों का चौड़ीकरण कराने के लिए सीईओ यमुना प्राधिकरण को पत्राचार किया गया है। इसका उद्देश्य वाहनों का परिचालन सुगम और सुलभ बनाना है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और डोमेस्टिक एयरपोर्ट का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है, जिसका संचालन निकट भविष्य में शुरू होने की संभावना है। इस एयरपोर्ट का विकास दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में यह एयरपोर्ट दो रनवे का होगा, जबकि दूसरे चरण में इसका विस्तार बढ़ाकर पांच रनवे तक किया जाएगा।

पहले चरण में इस एयरपोर्ट की यात्री क्षमता लगभग 70 मिलियन और दूसरे चरण में यह क्षमता बढ़कर करीब 225 मिलियन यात्री प्रतिवर्ष हो जाएगी। यह एयरपोर्ट विभिन्न प्रकार के पैसेंजर टर्मिनल और कार्गो टर्मिनल का क्रियान्वयन करेगा, जिससे देश-विदेश से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी। वर्तमान में भी इन मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है, खासकर कार्गो टर्मिनल की वजह से यहां हजारों वाहनों का आना-जाना प्रतिदिन जारी है। यह वाहन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नोएडा डोमेस्टिक एयरपोर्ट को जोड़ने वाली सड़कों के माध्यम से आते-जाते हैं।

इसके अलावा, इन सड़कों के जरिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा जैसे जनपदों के वाहनों, व्यक्तियों, श्रमिकों और किसानों के ट्रकों का भी प्रतिदिन आवागमन रहता है। इस बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नोएडा डोमेस्टिक एयरपोर्ट को जोड़ने वाली सभी सड़कों का चौड़ीकरण कराने के लिए यमुना प्राधिकरण से पत्राचार किया है, ताकि स्थानीय निवासियों और बाहरी यात्रियों के लिए यातायात की सुविधा को बेहतर बनाया जा सके।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.