‘योग’ केवल एक दिवस तक सीमित न रहे : अखिलेश यादव

Summary :

अखिलेश यादव ने सरकारी भूमि पर पार्क बनवाने की अपील की

अखिलेश यादव ने योग दिवस पर सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखा जाए। उन्होंने अपने समय में सार्वजनिक पार्क बनवाने की बात कही, ताकि लोग रोजाना योग कर सकें। उन्होंने लालच के कारण जमीन कब्जाने वालों से जनता के हित में पार्क बनाने की अपील की।

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योग दिवस की बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि योग’ केवल एक दिवस तक सीमित न रहे बल्कि हर दिन संभव हो पाए।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच पर कहा कि योग दिवस’ पर तन-मन-वचन और व्यवहार-चलन से सु-स्वस्थ रहने की मंगलकामना। उन्होंने कहा कि योग’ केवल एक दिवस तक सीमित न रहे बल्कि हर दिन संभव हो पाए, इसलिए हमने अपने समय में ‘सार्वजनिक पार्क’ भी बनवाये थे और आगे भी बनवाएंगे। जो लोग अपने लालच की वजह से जमीन पर कब्जा करके इमारतें उठा रहे हैं, उन्हें जनता के भले के लिए पार्क बनवाने चाहिए। सपा का काम, जनता के नाम।

ज्ञात हो कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रदेश भर में धूमधाम से मनाया गया। राजनीतिक दलों के लोगों से लेकर आम आदमी तक ने इन कार्यक्रमों में शिरकत की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में योग किया तो वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में योगाभ्यास किया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने गाजियाबाद में योग किया। राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता नीरज सिंह एमएलसी मुकेश शर्मा, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे।

योग दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है, तभी व्यक्ति अपने सपनों को पूरा कर सकता है। उन्होंने कहा कि योग सिर्फ व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा की शक्ति को बढ़ाने का माध्यम है। यह हमारे ऋषियों की परंपरा है, जिसे वेदों, पुराणों और शास्त्रों ने आज तक जीवित रखा है। यूपी में शनिवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों ने योग कर स्वस्थ रहने का संकल्प लिया। शहर से लेकर गांव तक आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने योग किया।

गोरखपुर में CM योगी ने किया योगाभ्यास, योग को बताया लोक कल्याण का माध्यम

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.