Ayodhya Famous Things to Buy: भगवान राम की जन्मभूमि के रूप में विख्यात अयोध्या, आध्यात्मिकता, इतिहास और संस्कृति कला का नगर है। हर साल यहां न जानें कितने तीर्थयात्री दर्शन करने के लिए आते हैं। यह मंदिर इतना खूबसूरत है कि लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है, इन्हें न केवल भगवान का आशीर्वाद मिलता हैं, बल्कि पारंपरिक शिल्प, धार्मिक कलाकृतियों और सांस्कृतिक स्मृति चिन्हों से भरे बाजार भी देखने को मिलते हैं। आइए जानते हैं, अयोध्या जाकर किन चीजों को जरूर खरीदना चाहिए।
Ayodhya Famous Things to Buy: अयोध्या जाकर इन चीजों को जरूर खरीदें
1. भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की मूर्तियां

किसी भी धार्मिक नगरी में वहां के आराध्य देवी-देवता की मूर्तियां लोग सबसे ज्यादा खरीदते हैं। अयोध्या में आपको भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता के साथ हनुमान जी की मूर्तियां खूब मिलेंगी। अयोध्या लकड़ी और संगमरमर से बनी भगवान राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां खरीदने के लिए सबसे अच्छी जगह है। यही नहीं, अयोध्या में आपको पीतल और कांसा से बनी मूर्तियां भी मिल जाएंगी। मूर्तियों के साथ-साथ यहां पर आपको इन सभी भगवानों की फ्रेम की हुई अच्छी तस्वीर भी मिल जाएगी, जो आप अपने घर के पूजा स्थल में रखने के लिए खरीद सकते हैं।
2. राम मंदिर का मॉडल

अयोध्या में बने राम मंदिर की बहुत मांग है। लोग इस मॉडल को ऑनलाइन मंगवा रहे हैं। लेकिन अगर आप अयोध्या जा ही रहे हैं, तो यहां आपको आसानी से राम मंदिर का मॉडल मिल जाएगा। अब अयोध्या में कई ऐसी संस्थाएं हैं, जो यह मॉडल उपलब्ध करवा रही हैं। इसके साथ ही आपको लकड़ी के बने ऐसे मॉडल अयोध्या के स्ट्रीट्स पर भी बड़ी आसानी से मिल जाएंगे।
3. चन्दन

अयोध्या में चंदन की मांग पुराने समय से ही रही है, क्योंकि इसका इस्तेमाल यहां साधु-संतों और धार्मिक लोगों द्वारा किया जाता है। वैसे भी हिन्दू धर्म में पूजा-पाठ के दौरान चन्दन लगाना काफी शुभ माना जाता है। ऐसे में आप भी यहां से चन्दन खरीद कर ले जा सकते हैं। मंदिर के आस-पास आपको कई दुकानों पर चंदन आसानी से मिल जाएगा। कुछ ऐसे प्रोडक्ट्स जैसे महाराजा चंदन, मेलकोटा चंदन और श्री चंदन का उपयोग अयोध्या में किया जाता है। ये सभी चंदन पेस्ट अलग-अलग रेंज में 200 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर बेचे जाते हैं।
4. रामायण

प्रभु राम की नगरी होने के नाते यहां आपको वाल्मीकि रामायण और तुलसीदास रचित रामचरितमानस आसानी से मिल जाएगा। माना जाता है कि अयोध्या से ख़रीदा हुआ रामायण घर में सुख, शांति और समृद्धि लाता है। अयोध्या में आपको गीता प्रेस के कई स्टॉल मिल जाएंगे। जहां से आप काफी कम कीमत में वाल्मीकि रामायण, रामचरितमानस, गीता और सुन्दर कांड जैसी धार्मिक पुस्तकें खरीद कर अपने घर ले जा सकते हैं।
5. पूजा के बर्तन

किसी भी धार्मिक स्थल पर पूजा के बर्तन खूब बिकते हैं। यहां पर आपको पूजा के बर्तन जैसे लोटा, दिया, कलश, घंटा, थाल आदि आसानी से मिल जाएंगे। इन्हे आप अपने घर में पूजा के दौरान इस्तेमाल करने और एक याद के रूप में प्रभु राम की नगरी से खरीद सकते हैं। इनके अलावा आप अयोध्या से पूजा में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री जैसे सिन्दूर, आर्टिफीसियल ज्वेलरी, भगवान राम के चित्र वाली टीशर्ट, आदि खरीदकर अपने घर ला सकते हैं।
Also Read: हर Weekend होगा यादगार! ₹15,000 के बजट में शानदार छुट्टियां बिताने के लिए ये हैं 5 Best Places















