भारत में कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित लोगों की संख्या 152 पहुंच गई है। केंद्र सरकार ने बुधवार को लोकसभा में विदेशों में वायरस से संक्रमित भारतीयों का आंकड़ा जारी किया। जिसमें ईरान में 255, संयुक्त अरब अमीरात में 12 और इटली में 5 लोगों सहित कुल 276 भारतीय अन्य देशों में कोरोना से संक्रमित हैं। बता दें कि ईरान कोरोना वायरस से सबसे बुरी तरह प्रभावित देशों में शामिल है।
विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि विदेशों में कोरोना वायरस से संक्रमित भारतीय की कुल संख्या 276 है जिनमें से 255 ईरान में, 12 संयुक्त अरब अमीत में, पांच इटली में और एक-एक हांगकांग, कुवैत, रवांडा और श्रीलंका में हैं।
उन्होंने बताया कि सोमवार को ईरान से 53 भारतीयों का चौथा दल भारत लौटा और इसके साथ ही कोरोना वायरस से प्रभावित इस देश से निकाले गए लोगों की कुल संख्या 389 हो गई है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार लगातार विदेशों में फंसे भारतीयों की वतन वापसी में लगी हुई है। मुरलीधरन ने इसके साथ ही एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि ईरान में 6 हजार भारतीय नागरिक हैं जिनमें 1100 जायरीन भी शामिल हैं।
इनमें से अधिकतर लोग केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और जम्मू-कश्मीर तथा महाराष्ट्र से हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर से करीब 300 छात्र, केरल , तमिलनाडु और गुजरात के करीब एक हजार मछुआरे तथा बाकी लोग ईरान में आजीविका या धार्मिक अध्ययन के लिए गए हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



