भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की सुरक्षा में फरवरी महीने में हुई चूक को लेकर केंद्र सरकार ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के 3 कमांडो को बर्खास्त कर दिया है।
ग्रह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक इस साल फरवरी महीने में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के घर के गेट तक एक गाड़ी पहुंच गई थी। उस वक्त एक शख्स को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले को अजीत डोभाल की सुरक्षा में चूक माना गया और सीआईएसएफ के 3 कमांडो को अब बर्खास्त किया गया है। ये तीनों कमांडो घटना के वक्त अजीत डोभाल के घर पर सुरक्षा में तैनात थे।
सूत्रों के मुताबिक सीआईएसएफ ने अपनी एक रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंपी थी, जिसमें कहा गया की सुरक्षा में तैनात कमांडो को ये समझना चाहिए था, कि ये फिदायीन हमला भी हो सकता है, लेकिन उस तरह से रिस्पॉन्स नहीं दिखाया गया। यही वजह है कि 3 कमांडों पर कार्यवाही की सिफारिश की गई थी।
जानकारी के मुताबिक 16 फरवरी 2022 को एक शख्स गलत दिशा में गाड़ी लेकर आया और उसे अजीत डोभाल के घर के दरवाजे से टकरा दिया। ऐसे में माना गया, कि उस शख्स ने पूरी प्लानिंग और रेकी करके ये किया होगा। मगर सुरक्षा में मौजूद कमांडो द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। उनकी सुरक्षा में 50 से ज्यादा जवान तैनात रहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



