सरकार ने मंगलवार को बताया कि देश में 2018 से 2020 के दौरान तीन वर्ष की अवधि में नक्सलवादी गतिविधियों/ वामपंथी उग्रवाद की 2,168 घटनाओं में 625 लोगों की मौत हो गई। लोकसभा में लल्लू सिंह और नितेश गंगा देव के प्रश्न के लिखित उत्तर में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने यह जानकारी दी।
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्ष में नक्सलवादी गतिविधियों/वामपंथी उग्रवाद की गतिविधियों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में ऐसी 833 घटनाओं में 240 लोगों की मौत हुई जबकि 2019 में 670 इस तरह की घटनाओं में 202 मौतें तथा 2020 में 665 घटनाओं में 183 लोगों की मृत्यु हुई।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में नित्यानंद राय ने कहा कि राज्य पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान 3 अप्रैल, 2021 को छत्तीसगढ़ के सुकमा के पुलिस स्टेशन जगरगुंडा में वामपंथी उग्रवादियों के साथ गोलीबारी में 22 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए जिनमें सीआरपीएफ के 8 और पुलिस के 14 कर्मी शामिल हैं।
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि वामपंथी उग्रवाद के खतरे का मुकाबला करने के लिए भारत सरकार ने 2015 में राष्ट्रीय नीति और कार्य योजना तैयार की है जिसमें सुरक्षा संबंधी उपाय, विकास परक पहल और स्थानीय समुदायों के अधिकार एवं हकदारियां सुनिश्चित करने का बहु आयामी दृष्टिकोण शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



