East Delhi Crime News : दिल्ली पुलिस में भर्ती के लिए फिटनेस टेस्ट के दौरान ग्राउंड में दौड़ लगा रहे एक कैंडिडेट मौत से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मृतक की पहचान सौरभ कुमार (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) राहुल अलवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। हालांकि सूत्रों की माने तो मैदान में दौड़ने के दौरान हार्ट फेल होने से युवक की मौत हुई।
पुलिस के मुताबिक सौरभ कुमार अपने परिवार के साथ नेता नगर, गांव सलामतपुर, अनूपशहर यूपी में रहता था। इसके परिवार में पिता लच्छी सिंह व अन्य सदस्य हैं। सौरभ दिल्ली पुलिस में सिपाही की भर्ती के लिए दिल्ली आया था। सोमवार को उसका फिजिकल (फिटनेस टेस्ट) होना था। सौरभ व अन्य कैंडिडेट वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी के ग्राउंड पर पहुंचे थे। सुबह करीब नौ बजे दौड़ शुरू हुई। सौरभ ने तीन राउंड पूरे किए। इस बीच दौड़ते-दौड़ते अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और गिर गया। उसे चक्कर और सीने में दर्द की शिकायत की। वहां मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत उसे देखा और फौरन आगे उपचार के लिए भेजा। मगर इस दौरान वह अचेत होता चला गया।
ग्राउंड में ही दिया सीपीआर, नहीं बची जान
सूत्रों की माने तो ग्राउंड पर ही सौरभ अचेत हो गया था। उसे तुरंत मौके पर ही सीपीआर देकर बचाने की पूरी कोशिश की गई। मगर कोई फायदा नहीं हुआ, इस बीच एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। सौरभ को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मेडिकल जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद सोनिया विहार थाने में इस घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया कि बीएनएसएस की धारा 194 की कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। आशंका है कि हार्ट फेल होने से सौरभ की मौत हुई।


Download Android App
Download iOS App




