केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि अग्निपथ योजना में 10वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद नामांकन कराने वाले अग्निवीरों को निर्धारित अवधि पूरा करने के बाद 12वीं के समकक्ष प्रमाणपत्र प्रदान करने के लिये एक प्रणाली स्थापित की जायेगी।
लोकसभा में अभिषेक बनर्जी के प्रश्न के लिखित उत्तर में शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने यह बात कही। बनर्जी ने अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीरों के लिए प्रस्तावित शिक्षा संबंधी योजनाओं के बारे में जानकारी मांगी थी। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि अग्निपथ योजना में 10वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद नामांकन कराने वाले अग्निवीरों को 4 वर्ष की अवधि पूर्ण करने के बाद 12वीं के समकक्ष प्रमाणपत्र प्रदान करने के लिये एक प्रणाली स्थापित की जायेगी ।
उन्होंने बताया कि इस पहल में सहयोग करने के लिये स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने अपने स्वायत्त संस्थान राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के माध्यम से रक्षा प्राधिकारियों के परामर्श से एक विशेष कार्यक्रम शुरू किया है।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण अग्निवीरों को आगे की शिक्षा प्राप्त करने तथा सामान्य एवं अनुकूल पाठ्यक्रम एवं प्रासंगिक मूल्यांकन प्रणाली विकसित करके 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाणपत्र प्राप्त करने में सक्षम बनाता है।


Download Android App
Download iOS App



