नई दिल्ली : 2019 के आम चुनावों से पहले बीजेपी विरोधी दलों को एक मंच पर लाकर महागठबंधन खड़ा करने की रस्साकशी जारी है। कांग्रेस की कोशिशें धीमी पड़ीं, तो आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। नायडू ने राहुल से गुरुवार की दोपहर को उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी को शॉल भी ओढ़ाया। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि हमारी अच्छी मीटिंग हुई। हमें लोकतंत्र और देश के भविष्य को बचाना होगा। इसलिए हम एक साथ आ रहे हैं, सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम देश को बचाने के लिए साथ आ रहे हैं। हमें पहले के समय को भूलना होगा और सभी विपक्षी दलों को एक साथ आना होगा। राहुल गांधी और नायडू की इस मुलाकात में टीडीपी सांसद जयदेव गल्ला, सीएम रमेश और अन्य नेता भी मौजूद थे। इससे पहले, विपक्षी नेताओं शरद पवार और फारुख अब्दुल्ला के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि लोकतंत्र खतरे में है। इसके साथ ही, नायडू ने बीजेपी के खिलाफ विपक्षी विपक्षी एकता को मजूत करने की अपील की।


Download Android App
Download iOS App



