अग्निपथ : लखीसराय और समस्तीपुर में फूंकी गई ट्रेनें, UP के बलिया में रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़

Summary :

‘अग्निपथ’ योजना का विरोध कर रहे छात्रों ने शुक्रवार को समस्तीपुर और लखीसराय में ट्रेन में आग लगा दी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के बलिया में युवाओं ने रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ की।

अग्निपथ योजना को लेकर बिहार समेत देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। बीते दो दिनों की तरह बिहार में आज भी छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया। ‘अग्निपथ’ योजना का विरोध कर रहे छात्रों ने शुक्रवार को समस्तीपुर और लखीसराय में ट्रेन में आग लगा दी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के बलिया में युवाओं ने रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ की।प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। 
बिहार के हाजीपुर जंक्शन पर भी अग्निपथ योजना के विरोध में हंगामा हो रहा है। सूचना मिलते ही डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे। रेल यात्रियों को प्लेटफार्म परिसर से बाहर निकाल लिया गया है। ट्रेनों के परिचालन को भी रोक दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने अग्निपथ योजना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। प्रदर्शनकारी सेना की बहाली में अग्निपथ योजना को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
बलिया में आज सुबह युवाओं ने रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ की। हालांकि पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर विरोध प्रदर्शन करने के प्रयास कर रहे स्थानीय युवाओं को हटा दिया। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने कहा कि रेलवे ट्रैक पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पथराव करने वाले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पीछे खदेड़ दिया है। वहीं अलीगढ़ और आगरा में भी युवाओं ने प्रदर्शन किया गया।
बता दें कि बिहार के बक्सर, ग्रामीण पटना, अरवल, खगड़िया, समस्तीपुर, भोजपुर, लखीसराय जिलों के विभिन्न हिस्सों में पथराव और विरोध हुआ है। पुलिस ने बताया कि आंदोलनकारी कल शाम करीब पांच बजे रेलवे ट्रैक पर आ गए और दर्जनों ट्रेनों का आवागमन बाधित कर दिया। ईसीआर प्रवक्ता बीरेंद्र कुमार ने कहा कि 25 से अधिक ट्रेनें विभिन्न रेलवे स्टेशनों में फंसी हुई हैं।

Desk Team