केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि खेल देश को एकजुट करने के साथ उसके ‘सॉफ्ट पावर’ को भी दर्शाता है। सॉफ्ट पावर का मतलब किसी देश की वह क्षमता है जिसके माध्यम से वह बिना किसी बल प्रयोग के अन्य देशों से अपने हितों के अनुरूप सहयोग प्राप्त कर सकता है।
इससे पूरे देश में जश्न की लहर दौड़ गई थी
ठाकुर ने खेलो इंडिया शीतकालीन खेल के तीसरे सत्र के उद्घाटन समारोह में कहा, ‘‘ खेल एक ‘सॉफ्ट पावर’ है। जब कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय पदक जीतता है तो वह देश को एकजुट करता है। नीरज चोपड़ा के स्वर्ण पदक ने ओलंपिक एथलेटिक्स भारत के 121 साल के इंतजार को खत्म किया। इससे पूरे देश में जश्न की लहर दौड़ गई थी।’’
ठाकुर ने कहा कि पिछला साल भारतीय खेलों के लिए बड़ा रहा क्योंकि विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खेल मंत्री ने कहा, ‘‘ग्रीष्मकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में हमे सबसे ज्यादा पदक मिले। पीवी सिंधू ने बैडमिंटन में लगातार दो ओलंपिक पदक जीते और यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है।’’
कश्मीर में पर्यटन को बेहतर बना सकती
इससे पहले ठाकुर ने जम्मू कश्मीर में बने 40 खेलो इंडिया खेल केंद्रों का ऑनलाइन उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, ‘‘यह गर्व का पल है कि अन्य राज्य जो नहीं कर सके उसे जम्मू-कश्मीर ने उसे कर दिखाया। जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में एक इनडोर स्टेडियम है और इस केंद्र शासित प्रदेश में खेल के कई मैदान बन गए हैं।’’ ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश में कई बड़े खेल केंद्र बनें ताकि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर में एक खेल विश्वविद्यालय बन रहा है और गुलमर्ग में जल्द ही शीतकालीन खेलों का उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा।’’ उन्होंने राज्य में पर्यटकों को लुभाने के लिए ‘स्नो क्रिकेट’ को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। ठाकुर ने कहा, ‘‘स्नो क्रिकेट एक नयी पहल हो सकती है जो कश्मीर में पर्यटन को बेहतर बना सकती है।’


Download Android App
Download iOS App



