नयी दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाया गया कदम विकास का नया अध्याय लिखेगा। शाह ने एक बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित पहल को परिवर्तनकारी बताया। देश में दूसरे सबसे ज्यादा रोजगार देने वाले सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को बढ़ावा देने के लिये प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को कई नए कदमों की घोषणा की।
इसमें इस क्षेत्र की इकाइयों को मात्र 59 मिनट में एक करोड़ रुपये तक के ऋण की ऑनलाइन मंजूरी की सुविधा वाला एक पोर्टल, श्रम एवं कंपनी कानून में छूट, पर्यावरण नियमों के अनुपालन को आसान बनाना शामिल है। शाह ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र जीडीपी में 32 प्रतिशत का योगदान देता है और इससे 11 करोड़ रोजगार पैदा होते हैं। उन्होंने दावा किया कि इन उद्यमियों के लिए आजादी के बाद से कोई भी प्रभावी कदम नहीं उठाया गया था और मोदी की दूरदृष्टि ने युवाओं को नौकरी मांगने वाले से नौकरी देने वाले में बदलने के प्रति प्रोत्साहित किया है।


Download Android App
Download iOS App



