लॉकडाउन बढ़ाए जाने पर बोले अमित शाह – चिंता की जरुरत नहीं देश में आवश्यक वस्तुओं का है पर्याप्त भंडार

Summary :

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, देश के गृहमंत्री के नाते मैं जनता को पुनः आश्वस्त करता हूँ कि देश में अन्न, दवाई व अन्य रोजमर्रा की चीज़ों का प्रयाप्त भण्डार है, इसलिए किसी भी नागरिक को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।

प्रधानमंत्री द्वारा देश में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाए जाने के फैसले का केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने देशवासियों को आश्वासन देते हुए कहा कि देश में अन्न, दवाओं और अन्य जरुरी वस्तुओं का पर्याप्त भंडार है और लॉकडाउन की अवधि बढ़ने को लेकर किसी को भी चिंता नहीं करनी चाहिए। 
शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा COVID-19 को फैलने से रोकने व इसको समाप्त करने के लिए देशभर में किये गए लॉकडाउन को 3 मई तक बढाने का निर्णय भारत और भारतवासियों के जीवन और उनकी रक्षा के लिए लिया गया निर्णय है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।


उन्होंने लिखा, सभी प्रदेश सरकारें जिस प्रकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर कार्य कर रहीं हैं वह सचमुच प्रशंसनीय है। अब हमें इस समन्वय को और अधिक प्रगाढ़ करना है जिससे सभी नागरिक लॉकडाउन का अच्छे से पालन करें और किसी भी नागरिक को जरुरत की चीज़ों की समस्या भी ना हो। 


एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, देश के गृहमंत्री के नाते मैं जनता को पुनः आश्वस्त करता हूं कि देश में अन्न, दवाई व अन्य रोजमर्रा की चीज़ों का प्रयाप्त भण्डार है, इसलिए किसी भी नागरिक को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही संपन्न लोगों से निवेदन करता हूँ कि आप आगे आकर आसपास रहने वाले गरीबों की सहायता करें।

अमित शाह ने इस दौरान कोरोना प्रकोप के बीच अपने कर्तव्य का निर्वाह कर रहे डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, सफाई कर्मचारी, पुलिसबल व सभी सुरक्षाकर्मियों को सराहा। उन्होंने कहा, इस लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हमारे डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, सफाई कर्मचारी, पुलिसबल व सभी सुरक्षाकर्मियों का योगदान दिल को छू लेने वाला है। इस विषम परिस्थिति में आपका यह साहस और समझदारी हर भारतवासी को प्रेरित करती है। सभी लोग दिशानिर्देशों का पालन कर इनका सहयोग करें।

Desk Team