जनता कर्फ्यू शुरू होने से पहले PM मोदी ने किया ट्वीट, लिखा- सभी नागरिक देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें

Summary :

कोरोना वायरस के चलते आज देश भर में जनता कर्फ्यू सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है। जनता कर्फ्यू शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाने की अपील की है।

कोरोना वायरस के चलते आज देश भर में जनता कर्फ्यू सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है। जनता कर्फ्यू शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाने की अपील की है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘जनता कर्फ्यू शुरू हो रहा है। मेरी विनती है कि सभी नागरिक इस देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें और कोरोना के खिलाफ लड़ई को सफल बनाएं। हमारा संयम और संकल्प इस महामारी को परास्त करके रहेगा।’’ 

उल्लेखनीय है कि मोदी ने गुरुवार को कोरोना वायरस महामारी से बचने के लिए देशवासियों से नौ महत्वपूर्ण आग्रह किये थे। प्रधानमंत्री ने अपने कोरोना वायरस महामारी संकट पर अपने संदेश में कहा कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छोड़ कर किसी को भी घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सोचना सही नहीं है कि सब ठीक है और इस वायरस को फैलने से रोकने के लिये लोगों से केंद्र सरकार तथा राज्य सरकारों द्वारा जारी परामर्शों का पालन करने का अनुरोध किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रथम और द्वितीय विश्वयुद्ध में भी इतनी संख्या में देश प्रभावित नहीं हुए थे जितनी कि कोरोना वायरस से हुए हैं। उन्होंने राष्ट्र के नाम करीब 30 मिनट के अपने संबोधन में कहा कि दुनिया में कभी इतना गंभीर खतरा पैदा नहीं हुआ। उन्होंने 22 मार्च को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक लोगों को ‘‘जनता कर्फ्यू’’ का पालन करने कहा और अस्पतालों, हवाईअड्डों तथा अन्य स्थानों पर अपनी परवाह किये बगैर काम करने वालों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि ‘‘जनता कर्फ्यू’’ का अनुभव और इसकी सफलता भविष्य में चुनौतियों का सामना करने के लिये भी राष्ट्र को तैयार करेगी। इस महामारी को फैलने से रोकने के लिये कई राज्यों में पाबंदियां लगाई जाने के चलते वे (राज्य) बंद जैसी स्थिति की ओर बढ़ रही है।
वहीं, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा है कि 22 मार्च तड़के साढ़े पांच बजे से किसी भी विदेशी हवाईअड्डे से भारत के किसी भी हवाईअड्डे के लिए कोई भी अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक यात्री विमान उड़ान ना भरे। यह निर्देश 29 मार्च तड़के साढ़े पांच बजे तक प्रभावी रहेगा।

Desk Team