देश की राजधानी समेत कई राज्यों में जमा देने वाली ठंड का सितम अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बारिश के बाद अब शीतलहर का कहर देखने को मिल रहा है, जिससे सर्दी और बढ़ गई है। पिछले दो दिनों की बारिश समेत जनवरी में रिकॉर्ड टूट गया है। 122 साल बाद जनवरी में इतनी ज्यादा बारिश हुई है। इसी के चलते दिल्ली-एनसीआर समेत देश के बड़े हिस्से सर्दी काफी बढ़ गई है।
कोहरे की चादर में दिल्ली
मौसम विभाग के मुताबिक अभी राहत नहीं मिलने वाली है। शनिवार और रविवार को बारिश के बाद सोमवार की सुबह कोहरे की चादर में लिपटी हुई है। आज भी पूरे दिन लोगों को सूर्य देवता के दर्शन होने मुश्किल हैं। दिल्ली-एनसीआर, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के बड़े इलाके में आज दोपहर तक कोहरा छाए रहने के आसार हैं।
26 और 27 जनवरी को शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। यही नहीं 26 और 27 जनवरी को शीतलहर तेज हो सकती है। इसके चलते पारा और लुढ़क सकता है। साफ है कि इस महीने सर्दी से निजात नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने ट्वीट कर बताया कि मध्य प्रदेश में भी अगले तीन दिनों तक जबरदस्त कोहरा रहने वाला है। राजधानी दिल्ली में इस साल जनवरी महीने में बदरा जमकर बरसे हैं।
इस महीने अब तक 88.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, देश में वर्ष 1901 के बाद यानी 122 वर्षों में जनवरी में हुई यह सबसे अधिक बारिश है। इसकी वजह एक के बाद एक आए पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है।
धूप के लिए करना होगा अभी इंतजार
न्यूनतम तापमान सामान्य (नौ डिग्री) के करीब और अधिक रहा। वहीं, स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि नौ से 19 जनवरी के बीच मुख्य रूप से बादल छाए रहने और बारिश के कारण अधिक समय तक धूप नहीं निकली। सोमवार को तापमान और गिर सरता है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक हो सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बढ़ी सर्दी
सात से नौ जनवरी के बीच हुई बारिश ने हवा में नमी बढ़ा दी जिससे कम तापमान व कोहरे की स्थिति रही। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिन का तापमान गिरा। जनवरी में छह बार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखा गया, जबकि माह में तीन से चार बार प्रभाव सामान्य रहा। उत्तर भारत में आगे एक हफ्ते सर्दी का सितम रहेगा।
पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी
आईएमडी के अनुसार उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। इस बीच जम्मू कश्मीर में जबरदस्त बर्फबारी का दौर जारी है। कुलगाम के उंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात ने लोगों को परेशान कर रखा है तो वही जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ गई है।
वहीं हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी है। शिमला में सीजन का तीसरा हिमपात हुआ. बर्फबारी के कारण दो नेशनल हाइवे और 147 सड़कें बंद कर दिए गए हैं। मौम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


Download Android App
Download iOS App



