रैलियों, जनसंपर्क अभियान से लेकर सोशल मीडिया तक मोदी सरकार के 9 साल की उपलब्धियों का प्रचार प्रसार कर रही भाजपा ने एक बार फिर से भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए यह दावा किया है कि मोदी सरकार ने पिछले 9 सालों के दौरान विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का 29 लाख करोड़ रुपया सीधे लाभार्थी लोगों के बैंक खाते में डालने का काम किया है जबकि कांग्रेस सरकार के जमाने में बड़ी रकम कांग्रेस के बिचौलिये खा जाते थे।
पहले एक बड़ी रकम कांग्रेस के बिचौलिये खा जाते थे
भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने सोमवार को मोदी सरकार की कई उपलब्धियों को गिनाते हुए सिलसिलेवार एक के बाद एक कई ट्वीट कर कहा, जनधन, मोबाइल और आधार ने सीधा लोगों तक सरकार के पैसे को पहुंचाया। सरकार ने पिछले 9 सालों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का 29 लाख करोड़ सीधे लोगों के अकाउंट में डाला। पहले एक बड़ी रकम कांग्रेस के बिचौलिये खा जाते थे।
आज दुनिया सकारात्मक दृष्टिकोण से भारत की ओर देख रही है
मालवीय ने 2014 के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था के लगातार मजबूत होने की बात कहते हुए यह भी कहा कि पिछले 9 सालों में मोदी सरकार ने बैंकों की बैलेंस शीट को साफ कर उन्हें सृ²ढ़ बनाया, एक मजबूत टैक्स प्रणाली जीएसटी को लागू किया, भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। भारत आज फिनटेक अपनाने में नंबर वन है, दुनिया में सबसे ज्यादा डिजिटल लेन-देन भारत में हो रहा है और भारतीय रिजर्व बैंक ने दुनिया के 18 देशों के बैंकों को अप्रैल 2023 में भारतीय रुपये में व्यापार करने की अनुमति दी है। मालवीय ने भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था का ब्राइट स्पॉट बताते हुए यह भी दावा किया कि आज दुनिया सकारात्मक दृष्टिकोण से भारत की ओर देख रही है।


Download Android App
Download iOS App



