देशभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) का करह तेजी से फैल रहा है। मगर देश में राजनीति अपने चरम स्तर पर है, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप लगातार जारी है। इस बीच, समाज में जानबूझकर विभेद पैदा करने का प्रयास करने के आरोप लगाते हुए भाजपा ने गुरुवार को विपक्षी दल से कहा कि वह ‘‘घटिया और ओछी राजनीति’’नहीं करें बल्कि कोरोना वायरस से लड़ने में केंद्र सरकार का साथ दें। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस खुद के ‘‘निहित स्वार्थों’’ के लिए सरकार के कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रही है जबकि लोग महामारी से लड़ने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहयोग कर रहे हैं।
जावड़ेकर ने कांग्रेस कार्य समिति की आलोचना करते हुए कहा कि वह काम नहीं करती बल्कि जो लोग काम करते हैं उनकी आलोचना करती हैं। बता दें, कांग्रेस कार्य समिति विपक्षी दल का निर्णय लेने वाला शीर्ष निकाय है जिसकी बैठक आज हुई। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा सरकार पर हमले को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए जावड़ेकर ने कहा, कांग्रेस जानबूझकर समाज में विभेद पैदा करने का प्रयास कर रही है। इन विभेदों से समाज को नुकसान होता है। हम इन बयानों की निंदा करते हैं। गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह देश में ‘‘सांप्रदायिक पूर्वाग्रह और घृणा का वायरस फैला रही है’’ जिससे सामाजिक सौहार्द को काफी नुकसान पहुंचा है।
सीडब्ल्यूसी बैठक को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि इससे हर भारतीय को चिंतित होना चाहिए और इस क्षति को पूरा करने में उनकी पार्टी को कड़ी मेहनत करनी होगी। इस पर पलटवार करते हुए जावड़ेकर ने कहा कि देश कोविड-19 से जूझ रहा है लेकिन कांग्रेस नेताओं को अपनी पार्टी के निहित स्वार्थों की चिंता में हैं और वे समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा पहला उद्देश्य कोरोना वायरस से एकजुट होकर लड़ना होना चाहिए। इसलिए मैं एक बार फिर कांग्रेस से अपील करता हूं कि वह ओछी राजनीति, घटिया राजनीति नहीं करें।’’उन्होंने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर ऐसे मुद्दे उठाती है जिनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा नेता ने दावा किया कि विपक्षी दल उसी मुद्दे को उठाता है जो मुद्दे देश पर अकसर हमला करने वाले उठाते हैं।


Download Android App
Download iOS App



