भाजपा ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- गांधी परिवार का मुकाबला करने के लिए थरूर का उड़ाया जाएगा मजाक

Summary :

कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर द्वारा उत्तर प्रदेश में चुनावी प्रक्रिया में ‘‘बेहद गंभीर अनियमितता’’ का मुद्दा उठाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को उन पर तंज कसते हुए कहा कि क्या उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संपन्न होने की उम्मीद भी की थी।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर (Shashi Tharoor) द्वारा उत्तर प्रदेश में चुनावी प्रक्रिया में ‘‘बेहद गंभीर अनियमितता’’ का मुद्दा उठाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार को उन पर तंज कसते हुए कहा कि क्या उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संपन्न होने की उम्मीद भी की थी। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव और सूचना व प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष अमित मालवीय (Amit Malviya) ने यह दावा भी किया कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर को अब गांधी परिवार का मुकाबला करने के लिए मजाक उड़ाया जाएगा और उन्हें शर्मिंदा किया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि शशि थरूर की टीम ने पार्टी के मुख्य निर्वाचन प्राधिकारी को पत्र लिखकर उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में चुनाव के दौरान “बेहद गंभीर अनियमितताओं” का मुद्दा उठाया और मांग की कि राज्य में डाले गए सभी वोटों  को अमान्य किया जाए।थरूर की प्रचार टीम ने तेलंगाना एवं  पंजाब में भी चुनाव के संचालन में “गंभीर मुद्दे” उठाए थे।
हालांकि इस चुनाव के नतीजों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही थरूर ने अपनी हार स्वीकार कर ली और विजेता मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) को जीत की बधाई दी। शशि थरूर ने एक बयान में कहा, निर्वाचक मंडल के सदस्यों का फैसला अंतिम है और  मैं विनम्रता से इसे स्वीकार करता हूं। मेरे लिए एक ऐसी पार्टी का सदस्य होना  गौरव की बात है जो अपने कार्यकर्ताओं को अध्यक्ष चुनने की अनुमति देती है।

Desk Team