देश में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन के मामले सामने आने के चलते बढ़ी चिंता के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर बुधवार को कहा कि वायरस के इस नए स्वरूप के मरीजों का उपचार केवल निर्धारित कोविड अस्पतालों के पृथक-वास वार्ड में ही करना होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने पत्र में कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि इन अस्पतालों में स्वास्थ्यकर्मी वायरस से बचाव के पर्याप्त उपाय अपनाएं ताकि मरीज से अन्य लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा नहीं रहे।
जीनोम अनुक्रमण के वास्ते प्रयोगशालाओं में भेजे जाएं
भूषण ने राज्यों को यह भी सुनिश्चित करने का सुझाव दिया कि संक्रमित पाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों और उनके करीबी संपर्क वाले लोगों के नमूने जीनोम अनुक्रमण के वास्ते प्रयोगशालाओं में भेजे जाएं और समय-समय पर इनकी समीक्षा की जाए। साथ ही कहा कि वायरस की रोकथाम के मद्देनजर मरीज के संपर्क में आए सभी लोगों का पता लगाने और उनके नमूनों की जांच करने को लेकर गंभीरता से कदम उठाए जाएं।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद कितने नागरिकों की गई जान, सरकार ने राज्यसभा में बताया
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी सुनिश्चित की जाए
सचिव ने सामुदायिक स्तर पर भी निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने पत्र में कहा, ” जिला निगरानी दल द्वारा क्षेत्र में पहुंचे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी सुनिश्चित की जाए और, अगर वे जोखिम वाले देशों से पहुंचे हैं तो आठवें दिन उनका कोविड परीक्षण कराए जाने की आवश्यकता है।”
ओमीक्रोन के लगभग 23 मामले सामने आ चुके हैं
दूसरी तरफ, देश में इस वक़्त कोरोना वायरस की स्थिति बहुत चिंताजनक नहीं है, हालांकि वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के बढ़ते केस हालातों को बिगाड़ सकते हैं। देश में इस वक़्त ओमीक्रोन के लगभग 23 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं कुछ लोगों में ओमीक्रोन वेरिएंट की पुष्टि फिलहाल संदिग्ध है।
पिछले दिन की तुलना में 23.7% ज्यादा है
अगर बात करें दैनिक संक्रमण के नए मामलों की तो बुधवार को कोरोना के एक दिन में 8,439 केस सामने आये, जो कल की तुलना में 23.7% ज्यादा है। वहीं इस दौरान 195 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। इसके साथ ही एक्टिव केसों की संख्या आज भी एक लाख से नीचे बनी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 8,439 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,46,56,822 हो गई। वहीं, 195 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,73,952 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



