केंद्र सरकार ने राज्यसभा में बताया-सशस्त्र बलों में अधिकारियों और सैनिकों की कमी नहीं

Summary :

केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि सशस्त्र बलों में अधिकारियों व सैनिकों की कोई कमी नहीं है और वर्तमान समय में पड़ोसी देशों के व्यवहार को देखते हुए तत्काल नई भर्तियां करने का उसका कोई विचार नहीं है।

केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि सशस्त्र बलों में अधिकारियों व सैनिकों की कोई कमी नहीं है और वर्तमान समय में पड़ोसी देशों के व्यवहार को देखते हुए तत्काल नई भर्तियां करने का उसका कोई विचार नहीं है। राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने इस बात से भी इंकार किया कि वर्ष 2020-21 के दौरान सशस्त्र बलों में अधिकारियों और सैनिकों की कोई नई भर्ती नहीं की गई।
क्या भारतीय सेना या सशस्त्र बलों में अधिकारियों और सैनिकों की कोई नई भर्ती नहीं की गई
समाजवादी पार्टी के सदस्य रेवती रमन सिंह ने जानना चाहा था कि क्या यह सच है कि विगत वर्ष के दौरान भारतीय सेना या सशस्त्र बलों में अधिकारियों और सैनिकों की कोई नई भर्ती नहीं की गई। इसके जवाब में भट्ट ने कहा, ‘‘जी, नहीं। कोविड प्रोटोकॉल के तहत अधिकारियों का चयन जारी है और भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायुसेना के लिए उनकी भर्ती निलंबित नहीं की गई है।’’
भारतीय वायुसेना द्वारा भर्ती वर्ष 2020-21 में वायुसैनिकों की भर्ती की गई है
उन्होंने कहा कि भर्ती वर्ष 2020-21 के दौरान सेना द्वारा 47 भर्ती रैलियां की गई हैं जबकि भारतीय नौसेना ने भर्ती वर्ष 2020-21 में नौसैनिकों के एक बैच की भर्ती की है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना द्वारा भर्ती वर्ष 2020-21 में वायुसैनिकों की भर्ती की गई है। यह पूछे जाने पर कि वर्तमान समय में पड़ोसी देशों के व्यवहार को देखते हुए क्या सरकार तत्काल नई भर्तियां करने पर विचार कर रही है, भट्ट ने कहा, ‘‘जी, नहीं।’’
‘कुछ भर्ती को रैलियों को कोविड-19 के चलते अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था
उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों के लिए जनशक्ति की नियोजित आवश्यकता के आधार पर भर्ती की जाती है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ भर्ती को रैलियों को कोविड-19 के चलते अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था।’’ यह पूछे जाने पर कि सशस्त्र बलों में कितने अधिकारियों और सैनिकों की कमी है और क्या इसकी जांच के लिए सरकार ने समिति का गठन किया है, रक्षा राज्यमंत्री ने कहा, ‘‘जी नहीं।’’

Desk Team